August 3, 2026

7 अगस्त से शुरू होगा मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान

1 min read
7 अगस्त से शुरू होगा मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान
Spread the love

समय-सीमा प्रकरणों की बैठक में तैयारियों की समीक्षा

सतना –राज्य शासन के निर्देशानुसार प्रदेश भर में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 का आयोजन 7 अगस्त से 8 जनवरी 2027 तक किया जायेगा। अभियान के दौरान प्रत्येक शुक्रवार को जिला और विकासखण्ड स्तर के अधिकारी निर्धारित रोस्टर के गांव में पहुंचकर क्षेत्र भ्रमण, निरीक्षण एवं जनसंवाद की गतिविधियां संपादित करेंगे। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने सोमवार को समय-सीमा प्रकरणों की बैठक में आयोजन की तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। सतना जिले में नागौद से 7 अगस्त को अभियान का शुभारंभ होगा। बैठक में अपर अपर कलेक्टर विकास सिंह, सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह, एसडीएम जीतेन्द्र वर्मा, एलआर जांगडे, सुमेश द्विवेदी, सुभाष मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर संदीप श्रीवास्तव, संदीप परस्ते सहित विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।
     कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित प्रकरणों का निराकरण प्राथमिकता से किया जायेगा। उन्होंने कहा कि अधिकारी प्रयास करें कि उनके यहां लंबित अधिकांश प्रकरणों का निराकरण भ्रमण से पूर्व हो जाये। क्षेत्र भ्रमण के दौरान शासन की योजनाओं प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान कार्ड, समग्र आईडी, कृषि इनपुट, राशन वितरण, स्वास्थ्य सेवायें, पोषण सेवायें, शिक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया जायेगा। साथ ही आंगनवाडी, स्कूल, अस्पताल, सार्वजनिक वितरण प्रणाली एवं अन्य शासकीय कार्य प्रणाली का मूल्यांकन भी होगा। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा में कलेक्टर ने कहा कि 500 दिन, 300 दिन और 100 तथा 50 दिन से अधिक समय की शिकायतों का समाधान तत्परतापूर्वक कर इन्हें जीरो पर लाये। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों में शिकायतकर्ता से बात करें। उन्होंने बताया कि अभियान में जनसंवाद और उद्योग गतिविधि से संबंधित में जनसंवाद किया जायेगा। कलेक्टर ने बैंक सहायित शासकीय वित्त पोषित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विभागों से कहा कि निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पर्याप्त संख्या में हितग्राहियों के प्रकरण बैंकों में प्रेषित कराये। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज से शुरू हुए परेड एवं अन्य कार्यक्रमों के पूर्वाभ्यास के दौरान कलेक्टर ने मैदान पर टायलेट, पेयजल और मेडीकल सुविधा उपलब्ध रखने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि सावन के महीने में शिवालयों में आने वाले श्रद्धालुओं के भीड-प्रबंधन और आवश्यक मूलभूत सुविधायें संबंधित नगरीय निकाय या मंदिर समिति कराये।
    फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा में कलेक्टर ने कहा कि जिले की 47 प्रतिशत उपलब्धि बहुत कम है। सर्वेयर एवं अन्य राजस्व कर्मियों का भी इस कार्य में सहयोग ले। बरसात के मौसम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और जल निगम के अधिकारियों को जल स्त्रोतों का क्लोरीनेशन और जर्मिक्सन कराने के साथ ही लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि सीएमएचओ और स्वास्थ्य विभाग का अमला जल जन्य और मच्छर जन्य डेंगू, मलेरिया आदि बीमारियों की रोकथाम के प्रयास करें। इसी प्रकार नगरीय निकाय संस्था के मच्छर जनित बीमारियों को रोकने प्रदूषित जल और जल जमाव की स्थिति में वैधानिक कार्यवाही करें। कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग और महिला बाल विकास के अधिकारी जिला स्तर पर प्रति गुरूवार संयुक्त बैठक आयोजित करें। इसी प्रकार पंचायत एवं ग्रामीण विकास भी संयुक्त बैठक आयोजित कर ग्रामीण विकास योजनाओं की साप्ताहिक समीक्षा की जाये।

भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *