सतना की बेटी प्रिया सिंह बनीं उत्तरप्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर
1 min read
सशक्त वाहिनी अभियान’ की निःशुल्क कोचिंग से मिली सफलता, ओवर ऑल मेरिट में 379वीं और गर्ल्स कैटेगरी में 28वीं रैंक
सतना- सतना की बेटी प्रिया सिंह ने उत्तरप्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर पद पर चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है। शहर के मारुति नगर, शारदा कॉलोनी निवासी प्रिया सिंह ने महिला एवं बाल विकास विभाग, सतना द्वारा “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” योजना के अंतर्गत संचालित “सशक्त वाहिनी अभियान” की निःशुल्क कोचिंग का लाभ लेकर यह उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है।
प्रिया ने उत्तरप्रदेश पुलिस सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में कुल 4,543 सफल अभ्यर्थियों के बीच ओवर ऑल 379वीं रैंक तथा गर्ल्स कैटेगरी में 28वीं रैंक प्राप्त की। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल परिवार बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है।
प्रिया के पिता श्री राजभान सिंह प्रॉपर्टी डीलर हैं, जबकि माता श्रीमती संतोष सिंह गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने किसी महंगी कोचिंग का सहारा नहीं लिया। ऑनलाइन अध्ययन के साथ महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित निःशुल्क ऑफलाइन कक्षाओं के माध्यम से उन्होंने अपनी तैयारी को मजबूत किया।
प्रिया ने लिखित परीक्षा के साथ शारीरिक दक्षता परीक्षा में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। जहां 2,400 मीटर की दौड़ 16 मिनट में पूरी करनी थी, वहीं उन्होंने कड़ी मेहनत और नियमित अभ्यास के दम पर यह दूरी मात्र 12 मिनट 35 सेकंड में पूरी कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
अपनी सफलता का श्रेय प्रिया ने “सशक्त वाहिनी अभियान” की निःशुल्क कोचिंग, माता-पिता और अपने तीनों भाइयों—नागेंद्र सिंह, शैलेंद्र सिंह एवं सुखेंद्र सिंह—के निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन को दिया है।
प्रिया सिंह की इस उपलब्धि पर परिवार में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता उन बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनी है, जो कठिन परिस्थितियों में भी अपने सपनों को साकार करने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग की “सशक्त वाहिनी अभियान” भी प्रतिभाशाली युवतियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने में प्रभावी पहल के रूप में सामने आई है।
भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश।
