सतना में संयुक्त बस चेकिंग अभियान जारी
1 min read
37 बसों की जांच, 12 पर हुई कार्यवाही
सतना – परिवहन आयुक्त एवं कलेक्टर सतना डॉ. सतीश कुमार एस के निर्देशानुसार सतना जिले में परिवहन विभाग एवं यातायात विभाग द्वारा संयुक्त रूप से विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान माननीय सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुरूप संचालित किया गया, जिसका उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना एवं यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना रहा है। अभियान के दौरान कुल 37 बसों की सघन जांच की गई। जांच में 12 बसों में आंशिक कमियां पाई गईं, जिन पर कार्यवाही करते हुए 12 हजार रुपये का राजस्व वसूला गया। अधिकारियों ने बस चालकों एवं परिचालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया और उन्हें सुरक्षा मानकों का पालन करने की समझाइश दी। इस दौरान बसों में लगे अग्निशमन यंत्र के उपयोग को लेकर मौके पर ही डेमो दिया गया, ताकि आपात स्थिति में चालक एवं स्टाफ सही तरीके से उसका उपयोग कर सकें। इसके अलावा स्कूल बस संचालकों को निर्देश दिए गए कि वे अपने वाहनों में परमिट, फिटनेस, बीमा एवं प्रदूषण प्रमाण पत्र जैसे सभी आवश्यक दस्तावेज अनिवार्य रूप से रखें। साथ ही बसों में फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, ड्राइवर एवं कंडक्टर की वर्दी और नेम प्लेट अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए गए, जिससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इस संयुक्त अभियान में आरटीओ रवि बरेलिया, यातायात विभाग से एएसआई मार्तण्ड सिंह, देवेंद्र चौधरी, प्रधान आरक्षक धीरेन्द्र सुब्बा, मनोज गौतम एवं रामसुख मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश।
