June 24, 2026

कृषि प्रक्षेत्र एवं संकाय परिसर का नाम ‘राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख परिसर’ करने के प्रस्ताव को मिली मंजूरी

1 min read
कृषि प्रक्षेत्र एवं संकाय परिसर का नाम ‘राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख परिसर’ करने के प्रस्ताव को मिली मंजूरी
Spread the love

चित्रकूट – महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के प्रबंध मंडल की 68वीं बैठक बुधवार को विश्वविद्यालय के रजत जयंती सभागार में कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। हाइब्रिड मोड में आयोजित इस बैठक में मध्य प्रदेश शासन के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों, नामित गैर-शासकीय सदस्यों तथा विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
बैठक में विश्वविद्यालय के अकादमिक, प्रशासनिक एवं वित्तीय विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों के अनुरूप आवश्यक कार्यवाही करने तथा समसामयिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नए पाठ्यक्रम प्रारंभ करने संबंधी प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई।
बैठक का प्रमुख आकर्षण कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे द्वारा प्रस्तुत वह प्रस्ताव रहा, जिसमें कृषि संकाय परिसर एवं कृषि प्रक्षेत्र का नाम ‘भारत रत्न नानाजी देशमुख परिसर’ रखने की अनुशंसा की गई। प्रबंध मंडल ने इस प्रस्ताव का सर्वसम्मति से अनुमोदन किया।
इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे ने कहा कि ग्रामोदय विश्वविद्यालय अपनी स्थापना के मूल उद्देश्यों एवं आदर्शों को आत्मसात करते हुए शिक्षा, अनुसंधान और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने के लिए सतत प्रयासरत है। उन्होंने राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख के योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि उनके विचार और कार्य विश्वविद्यालय की प्रेरणाशक्ति हैं। कुलगुरु प्रो आलोक चौबे ने कहा कि भविष्य में कृषि प्रक्षेत्र परिसर को राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख परिसर के नाम से जाना जाएगा।
उल्लेखनीय है कि कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे की नियुक्ति के बाद आयोजित यह प्रबंध मंडल की पहली बैठक थी। बैठक के प्रारंभ में प्रबंध मंडल के सदस्यों ने कुलगुरु का आत्मीय स्वागत किया। इसके पश्चात कुलगुरु ने विश्वविद्यालय की ओर से सभी सदस्यों का शाल, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया।
कुलसचिव प्रो. आञ्जनेय पाण्डेय ने एजेंडा के विभिन्न बिंदुओं को बैठक के समक्ष प्रस्तुत किया। विचार-विमर्श के उपरांत आवश्यक संशोधनों एवं सुझावों सहित विभिन्न प्रस्तावों को पारित किया गया।

बैठक में डॉ महेंद्र मणि द्विवेदी अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा( रीवा) , तोकानंद टेकाम संयुक्त संचालक कोष एवं लेखा ( रीवा), आशीष पांडे उप संचालक कृषि (सतना), प्रो. टी. आर. शर्मा (जबलपुर), डॉ. अमित कुमार गोस्वामी (दिल्ली), शिव कुमार सिंह सोमवंशी (नकटी-देवीपुर, सतना), विनोद तिवारी (सतना), विजय पाल सिंह यादव (सतना), डॉ. पूर्णिमा दांते (भोपाल), इंजी. ब्रजेश कुमार शुक्ला (रीवा), डॉ. राकेश बाजपेयी (जबलपुर), धर्मेन्द्र सिंह विसेन (सतना), अतुल जैन (दिल्ली) एवं डॉ. विवेक सिंह (वर्धा) प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहे, जबकि डॉ. एन. के. जैन (दिल्ली) ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। अंत में कुलसचिव प्रो. आञ्जनेय पाण्डेय ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

जावेद मोहम्मद विशेष संवाददाता भारत विमर्श चित्रकूट मध्य प्रदेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *