पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट, महिलाओं सहित चार घायल
1 min read
चित्रकूट – थाना चित्रकूट क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर 07 नयागांव में आज सुबह करीब 10:30 बजे पुरानी रंजिश को लेकर जमकर मारपीट का मामला सामने आया। पीड़िता सविता सोनकर उम्र 35 वर्ष पति अशोक सोनकर के अनुसार नेफा उर्फ आकाश सोनकर, गजेन्द्र सोनकर और जितेन्द्र सोनकर उनके घर आए और मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए हमला कर दिया।
आरोप है कि आकाश सोनकर ने सविता के बाल पकड़कर घसीटा और हाथ-घूंसे मारे। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी बेटी मंजू सोनकर के साथ गजेन्द्र सोनकर ने बाल पकड़कर घसीटते हुए डंडे से हमला किया, जिससे उसे सिर, दोनों हाथों और पैर में चोटें आईं। छोटी बेटी प्रियंका को भी बाल पकड़कर दीवार से पटक दिया गया, जिससे उसके सिर व गर्दन में दर्द की शिकायत है। वहीं बचाने आए गेन्दा सोनकर को भी डंडे से पीठ पर मारा गया।
हल्ला-गोहारी पर तेरसिया सोनकर और प्रीति सोनकर ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। मारपीट में सविता के बाएं आंख के नीचे, सीने और बाएं पैर में चोटें आई हैं। पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना चित्रकूट में अपराध क्रमांक दर्ज कर धारा 296(ए), 115(2), 351(2) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




जावेद मोहम्मद विशेष संवाददाता भारत विमर्श चित्रकूट मध्य प्रदेश
