February 10, 2026
Spread the love

विवेक चतुर्वेदी

फिर से तेरी बात चली है बारिश में
पानी से क्यों आग लगी है बारिश में।

इक वो दिन, वादा वो और वो रस्ता
दौड़े दौड़े याद में आए बारिश में।

रुक बैरन तो दाना ढूंढूँ बच्चों का
चोंच निकाले बैठी चिड़िया बारिश में।

काले काले बादल और गोरी बातें
बोल रही है बिजली फिर फिर बारिश में।

बाहें जोड़े भीग रहा है एक जोड़ा
मेरी ऑंखें भीग रही हैं बारिश में।

धनिया होरी फिक्र में कल से रोपा की
और तुमें रुमान सूझ रा बारिश में।

मालूम है वो गया लौट न आएगा
उठ आएगी हूक मगर हर बारिश में।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *