July 13, 2025

उपचुनाव में बेटे ने बचाई पिता की विरासत,कोटर में भाजपा हुई विजयी

1 min read
Spread the love

सतना – नगर पालिक निगम के वार्ड 43 सतना के लिए हुए उप चुनाव में बेटे ने पिता की विरासत बचाते हुए बड़ी जीत दर्ज की है। इस वार्ड पर कांग्रेस ने अपना कब्जा बरकरार रखा है जबकि कोटर नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी ने विजय प्राप्त की है। सतना नगर निगम के वार्ड नंबर 43 के लिए हुए उपचुनाव में कांग्रेस के दिवंगत पार्षद उमेश मलिक के पुत्र सौरव मलिक गोल्डी ने बड़ी जीत दर्ज कर इस वार्ड पर न केवल कांग्रेस का कब्जा बरकरार रखा है बल्कि अपने पिता की विरासत भी बचाई है। सौरव ने भाजपा प्रत्याशी राजेन्द्र दाहिया को 709 वोटों के बड़े अंतर से हराया। कांग्रेस के सौरव को 1275 और भाजपा के राजेन्द्र को 566 वोट मिले। बसपा प्रत्याशी भैयालाल चौधरी को महज 219 मत प्राप्त हुए। जबकि निर्दलीय हिन्छलाल सूर्यवंशी को 18 एवं रामजी को 35 मत प्राप्त हुए। नोटा के खाते में भी 11 वोट आए। सौरव मलिक गोल्डी को वार्ड 43 का नया पार्षद निर्वाचित घोषित किया गया है। बता दें कि यह पद सौरव के पिता उमेश मलिक के निधन के कारण रिक्त हुआ था। भाजपा ने इस सीट को जीतने के लिए ताकत झोंकी थी लेकिन फिर भी सफलता उससे दूर रही। भाजपा प्रत्याशी राजेन्द्र दाहिया इसके पूर्व सौरव के दिवंगत पिता उमेश से भी पराजित हुए थे, अब बेटे ने भी उन्हें हराया है। उधर, कोटर नगर पंचायत के वार्ड नंबर 11 में भाजपा प्रत्याशी दीपा सुरेश पयासी ने जीत हासिल की। दीपा ने कांग्रेस प्रत्याशी इन्द्रकली भइयालाल शुक्ला को 38 मतों से हराया। दीपा को 142 और इन्द्रकली को 104 वोट मिले जबकि रानी नामदेव को मात्र 7 मत ही हासिल हुई। एक वोट नोटा की झोली में भी आया । पूर्व में इस वार्ड से निर्वाचित पार्षद ने शासकीय सेवा में चयन हो जाने के कारण त्याग पत्र दे दिया था।
उपचुनाव के लिए मतदान 13 जून को कराया गया था। शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच हुई मतगणना के दौरान कलेक्टर अनुराग वर्मा एवं एसडीएम नीरज खरे भी मौजूद रहे। कलेक्टर ने नवनिर्वाचित पार्षद को प्रमाण
पत्र प्रदान किया।

अहेश लारिया ब्यूरोचीफ भारत विमर्श सतना म०प्र०

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *