May 2, 2024

इकबाल पर भरोसा कायम, बने रहेंगे मप्र के मुख्य सचिव

1 min read
Spread the love

भोपाल – मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव की नियुक्ति को लेकर पिछले कई दिनों से चल रहीं अटकलों पर आज विराम लग गया] खींचतान आखिरकार खत्म हो गई है। मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस ही अगले छह माह के लिए प्रदेश के प्रशासनिक मुखिया बने रहेंगे। बैंस बुधवार (30 नवंबर) को रिटायर होने वाले थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें सेवावृद्धि देने के लिए नौ नवंबर को सिफारिश की थी, जिस पर यह निर्णय लिया गया है। रिटायरमेंट के दिन ही उनका कार्यकाल छह महीने बढ़ा दिया गया है। यह पहली बार हुआ है कि सीएस के रिटायरमेंट के दिन तक नए प्रशासनिक मुखिया के नाम को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही।

अब 30 मई तक मुख्य सचिव के पद पर बने रहेंगे
केंद्र सरकार के कार्मिक विभाग ने बुधवार को आदेश जारी किया। इसके तहत इकबाल सिंह बैंस अब 30 मई तक मुख्य सचिव के पद पर बने रहेंगे। यह पहली बार है कि मुख्य सचिव के पद को लेकर सेवानिवृत्ति के दिन तक असमंजस बना रहा। अब तक परिपाठी इस तरह रही है कि 15 दिन पहले ही नए मुख्य सचिव का नाम सामने आ जाता है या उसके कार्यकाल विस्तार का फैसला हो जाता था। नए सीएस के नाम को लेकर भोपाल से दिल्ली तक अटकलें लगती रहीं। 1989 बैंच के आईएएस अधिकारी अनुराग जैन का नाम भी चर्चा में आया। अनुराग जैन इस समय केंद्र में प्रतिनयिुक्ति पर हैं। इस दौरान जैन ने भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से दो बार मुलाकात की। इस वजह से अटकलें तेज हो गई कि उनका सीएस बनना लगभग तय है। जैन इस समय केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर हैं और वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फ्लैगशिप प्रोग्राम पीएम गति शक्ति मिशन संभाल रहे हैं। इस वजह से जैन के वापसी को लेकर संशय बना हुआ था।

बैंस मुख्यमंत्री के भरोसेमंद अधिकारी
मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस के एक्सटेंशन का बड़ा कारण प्रदेश में 2023 में विधानसभा चुनाव को माना जा रहा है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इकबाल सिंह बैंस के ही एक्सटेंशन के पक्ष में थे। मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव में अच्छा सामंजस्य है। बैंस मुख्यमंत्री के भरोसेमंद अधिकारी भी हैं। चुनावी साल को देखते हुए प्रशासनिक जमावट की जाएगी। कांग्रेस की सरकार जाने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जब अपनी सरकार बनाई तो 1985 बैच के आईएएस अधिकारी इकबाल सिंह बैंस को मुख्य सचिव बनाया था। इसके लिए छह अधिकारियों की वरिष्ठता को भी नजरअंदाज किया गया था। वह मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव भी रह चुके हैं। इकबाल सिंह बैंस एक्सटेंशन लेने वाले चौथे मुख्य सचिव हैं। इससे पहले आरपी कपूर, आर परशुराम और बीपी सिंह को भी छह-छह माह का एक्सटेंशन मिल चुका है।

ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट शिवराज सरकार का महत्वाकांक्षी कार्यक्रम
11 और 12 जनवरी को इंदौर में ही ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट होने वाली है। चुनाव के पूर्व यह शिवराज सरकार का महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है। इसके माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास होगा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में निवेशकों का भरोसा है और वे प्रदेश में निवेश करना चाहते हैं। फरवरी-मार्र्च 2023 में बजट प्रस्तुत होगा, जो पूरी तरह से चुनावी होगा। इसमें सभी वर्गों का साधने के प्रयास किए जाएंगे। इसके अलावा अन्य कार्यक्रम भी होने हैं। यही कारण है कि मुख्यमंत्री ने इकबाल सिंह बैंस पर ही भरोेसा जताया और केंद्र सरकार से छह माह की सेवावृद्धि करा ली।

अनुराग जैन को नहीं छोड़ रहा केंद्र
उधर, इस पद के सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे 1989 बैच के अधिकारी अनुराग जैन को केंद्र सरकार नहीं छोड़ रही है। उनके पास उद्योग, संवर्धन और आंतरिक व्यापार जैसे महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी है। गति शक्ति योजना को भी देख रहे हैं। एक दिसंबर को भोपाल में वे योजना के क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा करेंगे।

भारत विमर्श भोपाल मध्य प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved Powered By Fox Tech Solution | Newsphere by AF themes.