April 27, 2024

सतना सीएम से मुलाकात के आश्वासन के बाद टूटी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की हड़ताल

1 min read
Spread the love

सतना- मप्र बुलंद आवाज नारी शक्ति आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संगठन के बैनर तले 17 सूत्रीय मांगों को लेकर 10 मार्च से चल रही अनिश्चित कालीन हड़ताल स्थगित हो गई। हड़ताल स्थल पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष योगेश ताम्रकार ने कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि मांगें पूरी कराने के लिए प्रदेश भाजपा संगठन मुख्यमंत्री से बात करेगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि 10 अप्रैल को सतना प्रवास के दौरान सीएम से कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात करवाएंगे। जिलाध्यक्ष नरेन्द्र त्रिपाठी ने 28 दिन तक की गई शांतिपूर्ण हड़ताल की सराहना की। भाजपा नेत्री ममता पाण्डेय ने कहा कि कार्यकर्ता और सहायिकाओं का बढ़ा मानदेय जल्द मिलेगा। संगठन की जिलाध्यक्ष अंजू सिंह ने बताया कि एकीकृत बाल विकास विभाग द्वारा जिला मुख्यालय के अधिकारियों को 17 सूत्रीय मांगों का परीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान कार्यकर्ता और सहायिकाओं ने एसडीएम राजेश जादव को हड़ताल स्थगन का ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ता और सहायिकाओं की हड़ताल समाप्त होने के बाद महिला बाल विकास विभाग ने राहत की सांस ली। जिले भर के 3034 आंगनबाड़ी केन्द्रों के आज से ताले खुलेंगे। उल्लेखनीय है कि केन्द्र बंद होने के बाद से ही जिले के 3 से 6 वर्ष की उम्र के 98 हजार लाभार्थी बच्चे और 40 हजार गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को केन्द्रों में पोषण आहार नहीं मिल रहा था। कार्यकर्ताओं के बगैर बच्चों को ताजा पोषण आहार दिलाने की विभाग की तमाम कोशिशें नाकाम रहीं।

आहेस लारिया ब्यूरोचीफ भारत विमर्श सतना म०प्र०

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved Powered By Fox Tech Solution | Newsphere by AF themes.