July 25, 2025

भगवान जगदीश स्वामी मंदिर के दर्शन कर प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना

1 min read
Spread the love

पन्ना – मंदिरों की नगरी और हीरे को लेकर विश्व भर में पहचान बनाने वाले पन्ना नगर का शरदोत्सव इस बार कुछ खास रहा। प्रदेश के कल्याण की कामना के लिए राज्य के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान पन्ना नगरवासियों के आग्रह पर सपरिवार यहां पहुंचे और विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री चौहान की धर्मपत्नि श्रीमती साधना सिंह और प्रदेश शासन के खनिज साधन व श्रम मंत्री श्री ब्रृजेन्द्र प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे।
नगर के भगवान जगदीश स्वामी मंदिर से मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अपनी धार्मिक यात्रा प्रारंभ की। जहां पर उन्होंने सपत्निक भगवान श्री जगदीश स्वामी के दर्शन पूजन किए और प्रदेश के सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पन्ना शहर का जगदीश मंदिर प्राचीनतम मंदिरों में से एक है। मंदिर के चारों ओर 26 छोटे-छोटे मंदिर हैं। बताया जाता है कि पन्ना के तत्कालीन महाराजा किशोर सिंह भगवान जगदीश स्वामी के अनन्य भक्त थे। जब उन्होंने जगन्नाथ पुरी की यात्रा की तो भगवान जगन्नाथ ने स्वप्न में उन्हें मंदिर निर्माण कराने का आदेश दिया। तब महाराजा, जगदीश स्वामी मंदिर में विराजमान जगदीश स्वामी, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के विग्रह को उड़ीसा महाराज से प्राप्त कर चार माह में पैदल चलकर पन्ना लाए थे। संवत 1874 में विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा कराई गई। प्रतिमाएं काष्ठ निर्मित हैं। स्वामी मंदिर में भगवान जगन्नाथ, सुभद्रा और बलराम की मूर्तियां स्थापित हैं। पन्ना की जगदीश स्वामी रथयात्रा पुरी के बाद देश की दूसरी बड़ी रथयात्रा मानी जाती है। इस अवसर पर कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष पन्ना श्री रामबिहारी चौरसिया, जिला पंचायत प्रधान श्री रविराज सिंह, कलेक्टर श्री संजय कुमार मिश्रा सहित अन्य जन मौजूद थे।

संदीप विश्वकर्मा ब्यूरोचीफ भारत विमर्श पन्ना म०प्र०

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed