July 25, 2025

भगवान श्री बलदाउ जी के मंदिर सपत्निक पहुंचे मुख्यमंत्री श्री चौहान

1 min read
Spread the love

पन्ना धार्मिक यात्रा पर भगवान श्री जुगलकिशोर सरकार की नगरी पहुंचे प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान श्री जगदीश मंदिर के दर्शन के बाद भगवान बलदेव जी के मंदिर पहुंचे। बुन्‍देली परंपरा से निर्मित मंदिर मंे विराजित भगवान श्री बलदेव की प्रतिमा का मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सपत्निक पूजन अर्चन किया और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस दौरान प्रदेश शासन के खनिज साधन व श्रम मंत्री श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष व खजुराहो सांसद श्री वी.डी. शर्मा भी उपस्थित रहे। पन्ना नगर का बलदेव मंदिर देश के विशिष्ट मंदिरों में से है। इसको देखने दूर-दूर से प्रतिवर्ष हजारों यात्री आते हैं। महाराजा रूद्र प्रताप पन्ना राज्य के दसवें नरेश थे। उन्हें स्थापत्य कला में विशेष अभिरूचि थी। उन्होंने ही इस भव्य मंदिर का निर्माण कराया था। मंदिर निर्माण का कार्य संवत 1933 से प्रारंभ होकर संवत 1936 में पूर्ण हुआ था। मंदिर पूर्व एवं पश्चिम की स्थापत्य कला का अपूर्व संगम है। प्रवेश द्वार में सोपान निर्मित है जो प्राचीन शैली के अनुरूप है। स्तंभ निर्माण शैली भी प्राचीनता की द्योतक है तथा मौर्य युगीन स्तंभों की स्मृति ताजा कर देती है। भगवान श्री कृष्ण की सोलह कलाओं के प्रतीक मंदिर निर्माण में स्पष्ट रूप ये परिलक्षित होते हैं। 16 स्तंभों पर विशाल मंडप, 16 झरोखे 116 गुंबद इनमें से प्रमुख हैं। मंदिर में प्रवेश हेतु 16 सोपान सीढ़ी भी निर्मित है। मंदिर का शिखर स्वर्ण कलश से सुशोभित है। मंदिर के विशाल गर्भग्रह में भगवान श्री बलदेव जी की शालीनतामयी प्रतिमा प्रतिष्ठित है । मंदिर के ऊपर केन्द्रीय गुंबद में कला की समन्वयात्मक शैली परिलक्षित है। सपाट छाप एवं बुंदेली परंपरागत निर्मित है। यह मंदिर राज्य की पुरातात्विक धरोहर में सम्मिलित कर लिया गया है। माना जाता है कि श्री बलदेवजी का मंदिर वृंदावन (दाऊपुरी) के अलावा मात्र पन्ना में ही है। इस अवसर पर कार्यक्रम में जिला पंचायत प्रधान श्री रविराज सिंह, कलेक्टर श्री संजय कुमार मिश्र सहित अन्य जन मौजूद थे।

संदीप विश्वकर्मा ब्यूरोचीफ भारत विमर्श पन्ना म०प्र०

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed