March 28, 2024

प्रथम हॉकी इंडिया जूनियर बालक इंटर अकादमी नेशनल हॉकी चैंपियनशिप-2021

1 min read
Spread the love

भोपाल- दिनांक 20 अक्टूबर, 2021 प्रथम जूनियर बालक इंटर अकादमी नेशनल हॉकी चैंपियनिशप-2021 के तीसरे दिन मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने पहले ही लीग मुकाबले में वैदीपट्टी राजा हॉकी अकादमी को 10-0 से शिकस्त दी। दिन के अन्य मुकाबलों में सैल्यूट हॉकी अकादमी, रिपब्लिकन स्पोर्ट्स क्लब, एसजीपीसी हॉकी अकादमी, महाराजा रणजीत सिंह हॉकी अकादमी और तमिलनाडु हॉकी अकादमी ने अपने-अपने लीग मुकाबले जीत लिए। हॉकी इंडिया तथा खेल और युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में चैंपियनशिप का आयोजन मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम की नवनिर्मित टर्फ पर किया जा रहा है।
मप्र हॉकी अकादमी ने वैदीपट्टी राजा हॉकी अकादमी के खिलाड़ियों को कोई मौका नहीं दिया और ताबड़तोड़ 10 गोल दाग दिए। मप्र हॉकी अकादमी के खिलाड़ियों ने पहले ही क्वार्टर से विरोधी टीम को दबाव में रखा और गोल की झड़ी लगा दी। पहले क्वार्टर में दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर पाई। दूसरे क्वार्टर में मप्र हॉकी अकादमी ने 5 गोल दागे। मैच के 19वें मिनट में श्रेयस धुपे ने मैदानी गोल करते हुए टीम का खाता खोला। 23वें मिनट में सौरभ पशीने ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किया। 25वें मिनट में हिमांशु सनीक ने मैदानी गोल किया। 27वें मिनट में हैदर अली औरा 29वें मिनट में मुदस्सर कुरैशी ने मैदानी गोल दागकर टीम को 5-0 की बढ़त दिला दी। तीसरे क्वार्टर में मप्र हॉकी अकादमी ने 3 गोल किए। 38वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर दीपक ने गोल किया। हैदर अली ने 44वें और 45वें मिनट में मैदानी गोल करते हुए मप्र हॉकी अकादमी को 8-0 से आगे कर दिया। चौथे क्वार्टर में मप्र हॉकी अकादमी ने दो गोल किए। दोनों ही गोल पेनल्टी कॉर्नर पर हुए। कशीफ खान ने 48वें मिनट में और लव कुमार कनोजिया ने 51वें मिनट में गोल दागा। इसके साथ ही मप्र हॉकी अकादमी ने अपने पहले ही लीग मुकाबले में 10-0 की धमाकेदार जीत दर्ज कर ली।
इससे पूर्व, पहले मुकाबले में सैल्यूट हॉकी अकादमी ने रोमांचक मुकाबले में हुबली हॉकी अकादमी को 1-0 से हरा दिया। मैच का एकमात्र गोल मैच के दूसरे क्वार्टर में सुमीत ने किया। सैल्यूट अकादमी को 26वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला और सुमीत ने इसे गोल में तब्दील कर दिया। यही गोल निर्णायक भी साबित हुआ।
दूसरे मुकाबले में रिपब्लिकन स्पोर्ट्स क्लब ने मालवा हॉकी अकादमी हनुमानगढ़ को 6-3 से पराजित किया। मैच के पहले ही क्वार्टर में रिपब्लिकन स्पोर्ट्स क्लब ने 2 गोल करके टीम को 2-0 से आगे कर दिया। उन्होंने दूसरे क्वार्टर में भी एक गोल किया। हालांकि, तीसरे क्वार्टर में मालवा हॉकी अकादमी ने 2 गोल करते हुए स्कोर 2-3 कर दिया। तभी रिपब्लिकन स्पोर्ट्स क्लब ने एक और गोल करते हुए स्कोर 4-2 कर दिया। मैच के अंतिम क्वार्टर में रिपब्लिकन स्पोर्ट्स क्लब ने दो और मालवा हॉकी अकादमी ने एक गोल किया।
तीसरे मुकाबले में एसजीपीसी हॉकी अकादमी ने जय भारत हॉकी अकादमी को एकतरफा मुकाबले में 7-0 से शिकस्त दी। एसजीपीसी अकादमी ने मैच के दूसरे क्वार्टर में 2, तीसरे में 3 और चौथे में 2 गोल किए। टीम के लिए जस्सीमरन सिंह और जगप्रीत सिंह ने 2-2 गोल किए।
चौथे मुकाबले में महाराजा रणजीत सिंह हॉकी अकादमी ने तिरूमलवलन हॉकी अकादमी को 9-0 से पराजित किया। पहले क्वार्टर में दोनों ही टीमें गोल नहीं कर पाई। महाराजा रणजीत सिंह अकादमी ने दूसरे क्वार्टर में 2, तीसरे में 4 और चौथे में 3 गोल करते हुए टीम को जीत दिला दी। टीम के परविंदर सिंह बिंद्रा ने टीम के लिए सर्वाधिक 3 गोल दागे।
पांचवें मुकाबले में तमिलनाडु हॉकी अकादमी ने लक्ष्मी अम्मल स्पोर्ट्स अकादमी को 12-1 से शिकस्त दी। तमिलनाडु ने पहले और दूसरे क्वार्टर में 3-3, तीसरे में 4 और चौथे में 2 गोल किए। वहीं, लक्ष्मी अम्मल स्पोर्ट्स अकादमी ने एकमात्र गोल चौथे क्वार्टर में किया। तमिलनाडु के एस लोगेश ने सर्वाधिक पांच गोल किए।

चैंपियनशिप में 21 अक्टूबर के मुकाबले

  1. हुबली हॉकी अकादमी विरूद्ध मालवा हॉकी अकादमी, प्रातः 6ः45 से
  2. सेल्यूट हॉकी अकादमी विरूद्ध रिपब्लिकन स्पोर्ट्स क्लब, प्रातः 8ः30 से
  3. जय भारत हॉकी अकादमी विरूद्ध महाराजा रणजीत सिंह हॉकी अकादमी, प्रातः 10ः15 से
  4. एसजीपीसी हॉकी अकादमी विरूद्ध तिरूमलवन हॉकी अकादमी, दोपहर 12ः00 से
  5. तमिलनाडु हॉकी अकादमी विरूद्ध वैदीपट्टी राजा हॉकी अकादमी, दोपहर 1ः45 से
  6. लक्ष्मी अम्मल स्पोर्ट्स अकादमी विरूद्ध मप्र हॉकी अकादमी, दोपहर 3ः30 से।

भारत विमर्श भोपाल म०प्र०

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved Powered By Fox Tech Solution | Newsphere by AF themes.