राजस्थान उपचुनाव में अलवर में कांग्रेस ने भाजपा को दी करारी हार, अजमेर में भी इतने वोटों से आगे
1 min read
जयपुर: राजस्थान की दो लोकसभा सीटों पर मतों की गिनती शुरु हो चुकी है। जानकारी के लिए आपको बता दें कि अलवर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार करण सिंह यादव ने भाजपा के जसवंत सिंह यादव को 1,56,319 वोट से हरा दिया है। वहींं अजमेर में कांग्रेस ने बढ़त बना रखी है। इसके अलावा मांडलगढ़ विधानसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार विवेक धाकड़ ने भाजपा के शक्ति सिंह को 12,976 मतों से हरा दिया है। बताते चलें कि अजमेर में कांग्रेस उम्मीदवार को अब तक 3,46,416 मत मिले हैं। अजमेर में कांग्रेस के रघु शर्मा को भाजपा के राम स्वरूप लांबा से चुनौती मिल रही है। वहीं, अलवर में करण सिंह यादव 1,40,845 वोटों से आगे चल रहे हैं। राज्य में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। कांग्रेस पार्टी के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि उपचुनाव के ये नतीजे 2019 लोकसभा चुनाव की झलक हैं। गहलोत ने संवाददाताओं से कहा, “यह उपचुनाव भाजपा की विभाजनकारी राजनीति के खिलाफ हैं।”
पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने नोआपारा विधानसभा सीट पर जीत दर्ज कर ली। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा नंबर दो की पार्टी बनकर उभरी है और कांग्रेस बुरी तरह से पिछड़कर चौथे स्थान पर है। नोआपाड़ा में कांग्रेस विधायक मधुसूदन घोष के निधन के कारण उपचुनाव हुआ। यहां तृणमूल के सुनील सिंह ने अपने प्रतिद्वंद्वी भाजपा के संदीप बनर्जी को 63,000 से ज्यादा मतों से मात दी। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की उम्मीदवार गार्गी चटर्जी तीसरे स्थान पर रहीं। कांग्रेस चौथे स्थान पर रही और उसकी जमानत जब्त हो गई।