July 1, 2024

किसानों की आवाज बनकर उभरे डॉ अरूण कुमार, सरकार को दी खुली चुनौती

1 min read
Spread the love

पटना : आज राष्ट्रीय समता पार्टी (से.) की ओर से गांधी मैदान में ‘गांव बचाओ, किसान बचाओ’ महारैली का आयोजन किया गया। रैली में राष्ट्रीय समाजवादी मोर्चा के संयोजक, रालोसपा के दूसरे गुट के राष्ट्रीय अध्यक्ष, जहानाबाद सांसद डॉ अरूण कुमार ने मुख्य अतिथि के तौर पर रैली की अध्यक्षता की। राष्ट्रीय समाजवादी मोर्चा, जार्ज विचार मंच ने भी रैली में शिरकत किया। रासपा (से.) की ओर से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय अलमस्त, प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश बिंद, वरिष्ठ उपाध्यक्ष खुर्शीद अनवर एवं पार्टी के तमाम प्रदेश उपाध्यक्ष, जिला अध्यक्ष एवं कार्यकर्त्ता शामिल हुए। ‘गांव बचाओ, किसान बचाओ’ महारैली में बिहार के विभिन्न जिलों से लोगों ने रैली में पहुंचकर रैली को अपना समर्थन दिया। रैली में किसानों, मजदूरों की दुर्दशा से लेकर भ्रष्टाचार, पलायन, बेरोजगारी आदि विषयों पर नेताओं ने अपने वक्तव्य रखे, एवं केंद्र और राज्य सरकार पर हमला बोला।

किसानों को बाजार का गुलाम बनाया गया-  डॉ कुमार

लगभग एक घंटे के अपने भाषण के दौरान डॉ अरूण कुमार ने कहा, ‘गांव, खेत, खलिहान और किसान को बचाए बिना भ्रष्टाचार से लड़ा नहीं जा सकता। किसान अन्न देता है, लेकिन खुद पेट भर नहीं खाता है। वह एक दौर था, जब देश अन्न के मामले में आत्मनिर्भर नहीं था, आज किसान अन्न उपजाता है लेकिन फिर भी बेबस है। आज किसान बाजार का गुलाम हो गया है। पूंजीपतियों के इशारों पर काम करने वाली सरकारों ने किसानों को बीज और खाद्य का गुलाम बनाया। इसका नतीजा यह हुआ है कि लक्ष्मी की विदाई खेत से ही हो जाती है। किसान इतना बेहाल है कि अगर वह अतिरिक्त पैदा करे तो मरे, कम पैदा करे तो मरे। किसानों को इस बारे में सोचना होगा। किसानों को इस बाजार से लड़ना होगा, जिसने किसानों को कमजोर बनाया है। यदि किसान एक बार साथ खड़ा हो, तो रास्ता साफ है। इस रैली के माध्यम से कहूंगा कि किसान एक बार कमर कस ले, हम बाजार का मुंहतोड़ जबाव देंगे। वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर किसानों की बदहाली का आरोप लगाते हुए डॉ कुमार ने कहा कि, नीतीश कुमार ने किसानों को ठगा है। किसानों के नाम पर राजनीति करने का काम किया है।

रैली में डॉ अरूण कुमार द्वारा उठाए गए मुद्दे

किसानों और मजदूरों की दयनीय स्थिति
पलायन की समस्या
युवाओं की बेरोजगारी
शिक्षा के बुरे हालात
प्रदेश में व्यापत भ्रष्टाचार
देश की संप्रभुत्ता और एकता

मुख्यमंत्री नीतीश पर जमकर बरसे डॉ अरूण कुमार

डॉ अरूण कुमार ने किसानों के मुद्दे से लेकर अन्य कई मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को घेरा एवं उन पर खूब बरसे। डॉ कुमार ने नीतीश कुमार पर अतरी की घटना का उल्लेख करते हुए रासपा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय अलमस्त, रासपा (से.) के युवा मोर्चा अध्यक्ष ऋतुराज कुमार एवं उनके काफिले पर जदयू के गुंडों से हमला कराने का भी आरोप लगाया। नीतीश कुमार पर सीधा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा, ‘नीतीश कुमार सुन लो हिजड़ों के बल पर सरकार चला सकते हो, अरूण कुमार को डरा नहीं सकते हो। हम हर मोर्चे पर लड़ेंगे। मैंने टीक बांध ली है ये सरकार अब आने वाली नहीं है। ये हमारी खुली चुनौती है।’ आगे उन्होंने कहा, नीतीश कुमार ईमानदारी का ढ़ोंग रचते हैं। मुख्यमंत्री भागलपुर में जहां ठहरते थे, वहीं घोटाले का किंग पिन था। केंद्र सरकार भ्रष्टाचार पर यदि जीरो टोलरेंस चाहती है तो वित्त मंत्री और मुख्यमंत्री को जेल पहुंचाये। हमें अफसोस होता है कि हमने ऐसे व्यक्ति को सत्ता में बिठाने का काम किया जो लालू प्रसाद यादव से सौ गुणा अधिक अपराधी है। सत्ता लोभ में उन्होंने राजद के साथ सरकार बनाई और अचानक रातोंरात इन्हें बुद्ध का ज्ञान मिल गया और इन्होंने सत्ता परिवर्तन कर लिया। नीतीश कुमार ने बिहार की जनता को ठगने का काम किया है।

देश के कई हिस्सों से आए नेताओं ने रैली में शिरकत किया। रैली में भारतीय किसान यूनियन के नेता ऋषिपाल अमावत, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसान नेता अजय पहलवान, अंबेडकर नेशनल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्हाज काजीम अली खान, आनंद मोहन के लड़के चेतन आनंद, रासपा (से.) के हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष, युवा प्रकोष्ट के नेतागण एवं अन्य कार्यकर्त्ता शामिल हुए। साथ ही उन्होंने अपने विचार भी मंच पर रखे। मंच की अध्यक्षता रासपा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय अलमस्त ने की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved Powered By Fox Tech Solution | Newsphere by AF themes.