राष्ट्रीय एकता के लिए दौड़े छात्र-छात्राएं और शहरवासी
1 min read
महापौर और कलेक्टर ने हरी झंडी दिखाकर ‘रन फॉर यूनिटी’ को किया रवाना
सतना – लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता दिवस पर शनिवार को सतना में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। दादा सुखेन्द्र सिंह स्टेडियम, जवाहर नगर से पुलिस परेड ग्राउंड, सिविल लाइन तक आयोजित इस एकता दौड़ में छात्र-छात्राओं, अधिकारियों-कर्मचारियों और शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के छायाचित्र पर पुष्पहार अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय और सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई गई। इसके बाद महापौर श्री योगेश ताम्रकार,जिलाध्यक्ष श्री भगवती प्रसाद पाण्डेय और कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने हरी झंडी दिखाकर ‘रन फॉर यूनिटी’ को रवाना किया।
हरी झंडी दिखाने के बाद कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक श्री हंसराज सिंह, नगर निगम आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा और अपर कलेक्टर श्री विकास सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने भी दौड़ में सहभागिता की। अधिकारियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती सपना त्रिपाठी, अपर कलेक्टर श्री विकास सिंह, नगर निगम आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रेमलाल कुर्वे, जिला खेल अधिकारी सुश्री रितिका दुबे, रक्षित निरीक्षक श्रीमती देविका सिंह बघेल, सीएसपी श्री मनीष त्रिपाठी, श्री एसपी तिवारी, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती सलोनी शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शैक्षणिक संस्थानों के स्टाफ, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश।
