इंटर स्कूल वॉलीबॉल प्रतियोगिता में 12 टीमों ने लिया हिस्सा
1 min read
सतना – मध्यप्रदेश शासन खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निर्देशानुसार आयोजित मासिक खेल गतिविधियों के अंतर्गत खेल एवं युवा कल्याण विभाग सतना द्वारा इंटर स्कूल वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन दादा सुखेंद्र सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सतना में किया गया। प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग की कुल 12 टीमों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि एसडीएम रघुराजनगर राहुल सिलाड़िया ने विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ निरंतर अभ्यास करते हुए जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन एवं खेल भावना का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी सुश्री रितिका दुबे, खेल प्रशिक्षक जय सिंह, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर राजेश पाण्डेय तथा जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव संतोष सिंह सहित अन्य वरिष्ठ एवं सीनियर खिलाड़ी उपस्थित रहे।
भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश।
