September 28, 2026

नयागांव के वार्ड 5 और 6 में पेयजल संकट, सीएमओ को फिर सौंपा ज्ञापन

1 min read
नयागांव के वार्ड 5 और 6 में पेयजल संकट, सीएमओ को फिर सौंपा ज्ञापन
Spread the love

दो दिन में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

चित्रकूट – मंदाकिनी नदी में आई भीषण बाढ़ के बाद से नयागांव वार्ड क्रमांक 5 और 6 में बनी पेयजल समस्या अब तक दूर नहीं हो सकी है। पानी की आपूर्ति बहाल नहीं होने से परेशान वार्डवासियों ने सोमवार को एक बार फिर नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर मुख्य नगर परिषद अधिकारी अंकित सोनी को ज्ञापन सौंपा।
वार्डवासियों के अनुसार, इससे पहले 21 सितंबर को भी नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर पेयजल समस्या से अधिकारियों को अवगत कराया गया था। उस समय सीएमओ की ओर से दो दिन के भीतर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी वार्डों में पानी की समस्या बनी हुई है।
सोमवार को यूथ कांग्रेस ने वार्ड वासियों के साथ ज्ञापन दिया । दिए गए ज्ञापन में रहवासियों ने कहा कि लगातार शिकायत और ज्ञापन देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। उनका कहना है कि बाढ़ के बाद से पेयजल आपूर्ति प्रभावित है और लोगों को पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। कई परिवारों को अपनी जरूरत पूरी करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही है।
ज्ञापन सौंपने के बाद सीएमओ ने एक बार फिर दो दिन के भीतर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। वार्डवासियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि दो दिनों में पेयजल समस्या का निदान नहीं हुआ तो वे नगर परिषद के खिलाफ आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इसकी जिम्मेदारी नगर परिषद की होगी।
वहीं, वार्ड वासियों का यह कहना है कि सीएमओ द्वारा ही हमसे पूछा जा रहा कि पानी किस स्थान में हैं? हैरानी की बात है कि नगर परिषद अधिकारी को आम जनता बताएगी कि कहां बोरवेल करना है। अब देखना होगा कि दो दिन की समय सीमा में नगर परिषद पेयजल आपूर्ति बहाल कर पाती है या नहीं?

जावेद मोहम्मद विशेष संवाददाता भारत विमर्श चित्रकूट मध्य प्रदेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *