प्रतिमा विसर्जन स्थलों का कलेक्टर और संबंधित अधिकारियों ने किया निरीक्षण, दिये व्यवस्था संबंधी निर्देश
1 min read
ट्रांसपोर्ट नगर के कृत्रिम कुण्ड में सुरक्षित रूप से विसर्जन किये जाने की अपील
सतना – गणेश प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों को लेकर कलेक्टर सतना डॉ. सतीश कुमार एस, अंतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरव पाण्डेय, कमिश्नर नगर निगम डॉ. नागार्जुन बी. गौडा ने अधिकारियों के साथ सतना शहर के आस-पास प्रतिमा विसर्जन के लिए निर्धारित 5 स्थलों का मौके पर निरीक्षण किया। कलेक्टर ने अधिकारियों के साथ विसर्जन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, विसर्जन व्यवस्था, यातायात एवं भीड़ नियंत्रण की तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर विकास सिंह, एसडीएम राहुल सिलाडिया, नगर पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी कोलगवा टीआई सुदीप सोनी सहित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
शांति समिति की बैठक के निर्णय अनुसार सतना शहर के पास केवल 5 विसर्जन स्थलों पर गणेश प्रतिमा विसर्जन करने की अपील की गई है। इनमें टमस नदी पर माधवगढ और सतना नदी पर जिगनहट घाट, देवरा घाट और उचवा टोला, ट्रांसपोर्ट नगर तालाब के कृत्रिम कुण्ड में ही गणेश प्रतिमा विसर्जन किये जाने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा अन्य जल स्त्रोत एवं असुरक्षित जल निकायों तथा प्रतिबंधित स्थल जगतदेव तालाब पर विसर्जन किया जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। सभी आयोजकगणों और श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि ट्रांसपोर्ट नगर के कृत्रिम कुण्ड में अत्यंत सुरक्षित रूप से प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा सकता है। इसलिए प्रतिमा विसर्जन के लिए इस कृत्रिम कुण्ड को प्राथमिकता दें। कलेक्टर ने नदी के मुख्य प्रवाह की ओर मजबूत सुरक्षा जाली और बैरिकेटिंग किये जाने के निर्देश दिये है ताकि बच्चे और कोई भी नागरिक गहरे पानी में नहीं जा पाये। आमजनों से विसर्जन के पूर्व प्रतिमाओं के आभूषण निकालने का आग्रह भी किया गया है। विसर्जन स्थल पर प्रकाश की व्यवस्था और सुरक्षा की व्यवस्था समुचित रूप से करने के निर्देश दिये गये है। होमगार्ड और आपदा प्रबंधन टीम द्वारा विसर्जन स्थल पर 24 घंटे कुशल गोताखोर मोटरवोट एवं फ्लड लाइट तैनात रखी जायेगी। इसके अलावा कलेक्टर ने सभी एसडीएम, सीईओ जनपद और सीएमओ नगर पंचायतों को भी प्रतिमा विसर्जन स्थल पर सभी व्यवस्थायें चुस्त-दुरूस्त रखने के निर्देश दिये गये है।
कलेक्टर ने नदी के किनारे अस्थाई विसर्जन कुंड तैयार कर गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन उसी में कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को नदी के गहरे पानी में जाने से रोका जाए। घाट पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, चेतावनी बोर्ड, लाउडस्पीकर, टेंट सहित आवश्यक सुरक्षा एवं बचाव संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। नदियों में जलस्तर अधिक होने के कारण नाव से प्रतिमा विसर्जन की अनुमति नहीं होगी। कलेक्टर ने श्रद्धालुओं से निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही विसर्जन करने तथा सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की।
भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश।
