पत्रकार-शिक्षक स्वर्गीय वेद प्रकाश शुक्ल की 29वीं पुण्यतिथि मनाई गई
1 min read
चित्रकूट – स्व. पं.वेद प्रकाश शिव प्रताप स्मृति सेवा न्यास के तत्वावधान में पत्रकार एवं शिक्षक स्वर्गीय वेद प्रकाश शुक्ल की 29वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आज हाईब्रिड मोड में पुण्यतिथि मनाई गई।
कार्यक्रम में उपस्थित एवं ऑनलाइन जुड़े लोगों ने स्वर्गीय श्री शुक्ल के व्यक्तित्व, कृतित्व और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उनके योगदान को स्मरण करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का संयोजन उनके सुपुत्र डॉ. जय प्रकाश शुक्ल एवं विजय प्रकाश शुक्ल ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर डॉ. जय प्रकाश शुक्ल ने बताया कि स्वर्गीय श्री वेद प्रकाश शुक्ल का निधन 22 अगस्त 1997 को हुआ था। निधन के समय वे प्राथमिक विद्यालय, नई बाजार, कर्वी में पदस्थ थे। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय श्री शुक्ल नवाचारों और वैकल्पिक शिक्षा के प्रबल पक्षधर थे। शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय योगदान देने के साथ उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा दैनिक भारत और दैनिक जागरण जैसे समाचार पत्रों के स्थानीय संवाददाता के रूप में अपनी सेवाएं दीं।
विजय प्रकाश शुक्ल ने कहा कि स्वर्गीय श्री शुक्ल बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने कृषि, पत्रकारिता, व्यवसाय, उद्यमिता और समाजसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई तथा सामाजिक सरोकारों के प्रति सदैव सजग रहे।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शुक्ल परिवार के डॉ. अजय प्रकाश, वेदांत, अभिनव सहित अन्य परिजनों ने स्वर्गीय श्री वेद प्रकाश शुक्ल के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों एवं सामाजिक सरोकारों को स्मरण करते हुए उनके व्यक्तित्व और कृतित्व से प्रेरणा लेने का संकल्प व्यक्त किया।
जावेद मोहम्मद विशेष संवाददाता भारत विमर्श चित्रकूट मध्य प्रदेश।
