मंदाकिनी नदी में लगातार बढ़ रहा जलस्तर, लोगों की चिंताएं बढ़ीं
1 min read
रामघाट यूपी एमपी घाट हुए जल मग्न, एमपी-यूपी प्रशासन अलर्ट
चित्रकूट – चित्रकूट क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते मंदाकिनी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। नदी का पानी बढ़ने से मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित रामघाट की पुरानी नगर परिषद, नवमठा घाट और भरत घाट की पूरी सीढ़ियां पानी में डूब गई हैं। जलस्तर बढ़ने के साथ ही घाट किनारे रहने वाले लोगों और दुकानदारों की चिंताएं भी बढ़ गई हैं।
जानकारी के मुताबिक मझगवां और पिंडरा क्षेत्र में सुबह करीब 5 बजे से 8 बजे तक लगातार बारिश हुई। बारिश के चलते मंदाकिनी नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। नदी का पानी लगातार बढ़ने से घाटों पर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।


मंदाकिनी नदी में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश प्रशासन सतर्क है। घाट किनारे रहने वाले लोगों और दुकानदारों को भी सावधानी बरतने की जरूरत है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो नदी का जलस्तर और बढ़ सकता है, जिससे घाट किनारे के क्षेत्रों में परेशानी बढ़ने की आशंका है।
प्रशासन द्वारा नदी और घाटों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
जावेद मोहम्मद विशेष संवाददाता भारत विमर्श चित्रकूट मध्य प्रदेश।
