भाकपा छह से 15 अगस्त तक चलाएगी जन जागरण पदयात्रा
1 min read
जौनपुर उप्र – भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की जिला कौंसिल की ओर से छह से 15 अगस्त तक जिले में जन जागरण एवं पदयात्रा अभियान चलाया जाएगा। पार्टी ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर लोगों के बीच पहुंचने और उन्हें जागरूक करने का निर्णय लिया है। अभियान के बाद एक सितंबर को दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन में जिले से कार्यकर्ताओं की भागीदारी का भी आह्वान किया गया है।
भाकपा की ओर से जारी पर्चे में महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार सहित विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया है। पार्टी ने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा है कि आम लोगों से जुड़े कई मुद्दों का समाधान नहीं हो सका है।
पार्टी की प्रमुख मांगों में संविधान और लोकतंत्र की रक्षा, महंगाई व बेरोजगारी पर रोक, किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कानून बनाना शामिल है। भाकपा ने मनरेगा को प्रभावी ढंग से लागू करने और मजदूरों की मजदूरी बढ़ाने की भी मांग की है।

इसके अलावा शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत करने, कर्मचारियों-शिक्षकों की पुरानी पेंशन बहाल करने, सरकारी संस्थानों के निजीकरण पर रोक, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक रोकने तथा नए श्रम कानूनों को रद्द कर पुराने कानून बहाल करने की मांग की गई है। बिजली के निजीकरण और स्मार्ट मीटर के विरोध के साथ ही प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर पर अनाज क्रय केंद्र खोलने की मांग भी पर्चे में शामिल है।
भाकपा ने एसआईआर के तहत मतदाता सूची से नाम काटे जाने का भी विरोध किया है। पार्टी कार्यकर्ताओं से छह से 15 अगस्त तक चलने वाले जन जागरण अभियान में शामिल होने की अपील की गई है। इसके बाद एक सितंबर को दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन में भाग लेने का आह्वान किया गया है।
अमरजीत सिटी रिपोर्टर भारत विमर्श जौनपुर उत्तर प्रदेश।
