कोठी को मिली विकास की बड़ी सौगात
1 min read
राज्यमंत्री ने किया 4.54 करोड़ के दो प्रमुख कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन
सतना – नगर परिषद कोठी में गुरुवार को मध्यप्रदेश शासन की नगरीय विकास एवं आवास विभाग की राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने 2 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण तथा 2 करोड़ 54 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सर्वसुविधायुक्त विश्राम गृह (मंगल भवन) का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष सुखवंती कोल, उपाध्यक्ष सौरभ सिंह, मंडल अध्यक्ष अजय द्विवेदी, हनुमान शुक्ला, यशवंत पांडेय, प्रोमिश त्रिपाठी,राजेश नामदेव, नगर परिषद के पार्षदगण सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं नगरवासी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में राज्यमंत्री श्रीमती बागरी ने कहा कि प्रदेश सरकार शहरों और कस्बों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विकास केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाले कार्य ही सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं। कोठी में व्यापार, आवागमन, स्वच्छता, पर्यटन और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अनेक योजनाएं तेजी से क्रियान्वित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि नगर परिषद एवं लोक निर्माण विभाग के माध्यम से लगभग 38.68 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्य स्वीकृत, निर्माणाधीन और पूर्ण हो चुके हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से नगर के आधारभूत ढांचे को नई मजबूती मिलेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।राज्यमंत्री ने बताया कि लगभग 14.20 करोड़ रुपये की लागत से नगर विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्य किए जा रहे हैं। इनमें स्टेडियम रोड एवं आरसीसी नाली निर्माण, नगर परिषद कार्यालय भवन, पेवर ब्लॉक, कोठी तालाब का सौंदर्यीकरण, पार्क विकास तथा विभिन्न वार्डों में सीसी सड़क एवं सड़क सुदृढ़ीकरण के कार्य शामिल हैं।

सड़क अधोसंरचना के क्षेत्र में 12.94 करोड़ रुपये की लागत से कोठी-सिंहपुर मुख्य मार्ग से वैसन टोला, खनगढ़, भाटिया आदिवासी बस्ती तथा झिरिया हरिजन बस्ती तक संपर्क मार्गों का निर्माण कराया गया है। वहीं 86.13 किलोमीटर लंबे सुन्दरा–सिंहपुर–कोठी–सेमरिया राज्य मार्ग-13 के निर्माण के लिए एमपीआरडीसी द्वारा निविदा जारी की जा चुकी है, जिससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मॉनिटरिंग के अंतर्गत 9.50 करोड़ रुपये की लागत से कोठी नदी घाट के निर्माण, सौंदर्यीकरण एवं वृक्षारोपण की कार्ययोजना स्वीकृति की प्रक्रिया में है। यह परियोजना धार्मिक पर्यटन को नई पहचान देने के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगी। निकाय निधि से लगभग 2.04 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न वार्डों में नाली निर्माण, पेवर ब्लॉक एवं अन्य जनसुविधा संबंधी कार्य भी निरंतर कराए जा रहे हैं, जिससे नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश।
