June 26, 2026

मुख्य सचिव ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा

1 min read
मुख्य सचिव ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा
Spread the love

कलेक्टर्स शिक्षा तथा स्वास्थ्य सूचकांक बेहतर करने पर विशेष ध्यान दें – मुख्य सचिव

सतना – मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने कहा कि कलेक्टर्स सुशासन पर ध्यान दें। आमजनता के कल्याण के कार्यों को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें। सीएम हेल्पलाइन में दर्ज प्रकरणों का तत्परता से निराकरण कराएं। कोई भी शिकायत 50 दिन से अधिक समय तक लंबित न रहे। शिक्षा तथा स्वास्थ्य के क्षेत्र में अपेक्षा के अनुरूप सुधार नहीं हो रहा है। सभी कलेक्टर इन दोनों विभागों की हर माह समीक्षा करें। स्वास्थ्य सूचकांकों में सुधार के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग की विकासखण्ड स्तर पर संयुक्त बैठक आयोजित करके समीक्षा करें। इन विभागों के ऐप में दर्ज डाटा का विश्लेषण करके भी समुचित कार्यवाही करें। सभी गर्भवती महिलाओं का पंजीयन और समय पर जाँच कराकर एनिमिक महिलाओं को शत-प्रतिशत उपचार सहायता सुनिश्चित करें। मुख्य सचिव ने कहा कि बारिश शुरू होने से पहले बाढ़ राहत तथा आपदा प्रबंधन की समीक्षा कर लें। अतिवृष्टि की स्थिति में राहत शिविर बनाने तथा बाढ़ से राहत और बचाव के सभी प्रबंध कर लें। किसी भी स्थिति में जन-धन की हानि न्यूनतम रखने का प्रयास करें।
मुख्य सचिव ने कहा कि शिक्षण संस्थानों के आसपास ड्रग फ्री जोन बनाने के लिए प्रभावी कार्यवाही करें। एनकोर समिति की हर माह बैठक आयोजित कराकर नशे के विरूद्ध अभियान को गति दें। नवीन न्याय संहिता के क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कदम उठाएं। खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन तथा परिवहन पर कार्यवाही के लिए लगातार अभियान चलाएं। पुलिस विभाग तथा अन्य विभागों के सहयोग से कलेक्टर्स साइबर क्राइम को रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाएं। केन्द्र और राज्य सरकार के विभागों के लिए शासकीय भूमि के आवंटन की कार्यवाही तय समय सीमा में पूरी करें। बीएसएनएल के मोबाइल टावर लगाने के लिए प्राप्त आवेदनों का सात दिवस में निराकरण करें। स्थापित मोबाइल टावरों में तोड़फोड़ और चोरी की घटनाओं की एफआईआर अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं। अच्छे कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित करने के लिए 15 जुलाई तक मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार के लिए नामांकन दर्ज कराएं।

बैठक में मुख्य सचिव ने शहरी क्षेत्र की प्रधानमंत्री श्रम मानधन योजना, नशे तथा मिलावट के विरूद्ध अभियान, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं हिरण्यगर्भा अभियान के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में सतना कलेक्ट्रेट के एनआईसी कक्ष से कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, डीएफओ मयंक चांदीवाल, कमिश्नर नगर निगम शेर सिह मीना, सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह एवं संबंधित जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *