May 25, 2026

जल संपदा और स्रोतों को स्वच्छ एवं सदा नीरा बनाये रखना सामाजिक जिम्मेदारी- राज्यमंत्री

1 min read
जल संपदा और स्रोतों को स्वच्छ एवं सदा नीरा बनाये रखना सामाजिक जिम्मेदारी- राज्यमंत्री
Spread the love

जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत गंगा अवतरण दिवस (गंगा दशहरा) का भव्य आयोजन

सतना – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आव्हान पर सम्पूर्ण मध्यप्रदेश में गंगा दशहरा के शुभ अवसर पर जलस्रोत पूजन एवं कलश यात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन सतना एवं मैहर के सहयोग से मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के संयोजन में जगह-जगह पर सतना एवं मैहर जिले के सभी विकासखण्डों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस तारतम्य में सतना जिले के रामपुर बघेलान तहसील और मैहर जिले की अमरपाटन जनपद पंचायत के अंतर्गत आदर्श ग्राम बेला में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी के मुख्य आतिथ्य में विशाल कलश यात्रा, जल पूजन और जल स्वच्छता श्रमदान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह, संभागीय समन्वयक मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद रीवा प्रवीण पाठक, एसडीएम रामपुर बघेलान सुभाष मिश्रा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत अमरपाटन वेदमणि मिश्रा, विनीत पाण्डेय जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि, डॉ. राजेश तिवारी जिला समन्वयक मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, नंद किशोर पटेल जनपद सदस्य, प्रजेश द्विवेदी, प्रदीप चौरसिया, बेला मानेन्द्र सिंह सरपंच, ममता सिंह, संदीप वर्मा अध्यक्ष नवांकुर संस्था अस्तित्व वेलफेयर सोसायटी, स्वसहायता समूह की कार्यकर्ता, प्रस्फुटन एवं नवांकुर के पदाधिकारी, परामर्शदाता, सीएमसीएलडीपी छात्र सहित बडी संख्या में ग्रामवासी एवं अन्य गणमान्यजन और विभिन्न विभागों के अधिकारी/कर्मचारी सम्मिलित हुए।

गंगा दशहरा उत्सव का शुभारंभ ग्राम पंचायत बेला से कलश यात्रा के प्रारंभ से हुआ। यह कलश यात्रा ग्राम बेला के नये तालाब तक पहुंची। जिसमें बडी संख्या में मातृशक्ति के साथ अन्य ग्रामवासी ढोल बाजे के साथ सम्मिलित हुए। जल संरक्षण के नारों से पूरी यात्रा उत्साह से परिपूर्ण रही। नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी द्वारा नया तालाब बेला में पहुंचकर तालाब के घाट में गंगा पूजन किया गया। उसके उपरांत मां गंगा का आह्वान कर सरोवर के स्वच्छ जल पर गंगा जल अर्पित करते हुए सतरंगी चुनरी अर्पित करते हुए जन-जन के सुखद जीवन की कामना की गई। सरोवर का जल लेकर घाट में स्थापित शिव मंदिर पर सैकड़ों नवांकुर सखियों के साथ जलाभिषेक किया गया। राज्यमंत्री के नेतृत्व में सरोवर में स्वच्छता हेतु सामूहिक श्रमदान किया गया।
जल संवाद कार्यक्रम में राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सम्पूर्ण मध्यप्रदेश में आज गंगा दशहरा पर एक साथ अभियान का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन है। जल के बिना पेड-पौधे, पशु-पक्षी और मानव जीवन की कल्पना ही नहीं की जा सकती। उन्होंने जल की उपयोगिता और मितव्यता के लिए उपस्थित जनों को संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि पानी को व्यर्थ नहीं बहाये और उसका उपयोग मितव्यता से करे। जल स्त्रोतों को साफ रखे और रिचार्ज के प्रयास करें। जल संरचनाओं और जल स्त्रोतों को प्रदूषित होने से बचाये। गांवों में जल स्त्रोतों के पास व्यर्थ बहने वाले गंदे पानी के लिए सोखता पिट बनाये और गांव की गलियों को शुष्क और स्वच्छ रखे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पूरे प्रदेश को जिले से लेकर पंचायत स्तर तक जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल पूजन और संरक्षण संवर्धन के काम हाथ में लिए है।
जल संवाद के उपरांत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति में नवांकुर संस्था प्रत्याशा लोक कला समिति के अध्यक्ष अजय दाहिया की टीम द्वारा नुक्कड़ नाटक मंचित किया गया। उसके उपरांत सुश्री राजकली कोल और साथियों द्वारा आदिवासी नृत्य प्रस्तुत किया गया। इसके बाद आदिवासी समूह द्वारा ठाकुरदीन कोल और उनके दल ने जल पर केंद्रित लोकगीत की प्रशंसनीय प्रस्तुति दी। सभी प्रस्तुतियों को उपस्थित ग्रामवासियों ने खूब सराहा और प्रेरणादायक मनमोहक प्रस्तुतियों को देखकर पानी बचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शैलेन्द्र सिंह द्वारा सभी उपस्थित ग्रामवासियों को जल के संरक्षण एवं संवर्धन की सामूहिक शपथ दिलाई गई।

भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *