विकास के नाम पर लापरवाही! डिवाइडरों के बीच मिट्टी-बोल्डर का ढेर, हादसे का इंतजार कर रहा ठेकेदार?
1 min read
चित्रकूट – धर्मनगरी में विकास कार्यों की आड़ में ठेकेदारों की मनमानी अब आम जनता की सुरक्षा पर भारी पड़ती दिखाई दे रही है। सड़क के बीच बने डिवाइडरों में सीसी निर्माण के नाम पर खुदाई तो कर दी गई, लेकिन निकली हुई मिट्टी और बोल्डर हटाने की जहमत किसी ने नहीं उठाई। नतीजा यह है कि डिवाइडरों के बीच मिट्टी के ढेर लगे हुए हैं, जो राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बने हुए हैं।
हैरानी की बात यह है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा और सफाई की जिम्मेदारी भी ठेकेदार की होती है, लेकिन यहां काम खत्म करने की जल्दबाजी में सड़क पर मिट्टी और बोल्डर छोड़ दिए गए हैं। सड़क पार करने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सवाल यह है कि क्या नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारियों को यह अव्यवस्था दिखाई नहीं दे रही है या फिर किसी बड़े हादसे के बाद ही उनकी नींद खुलेगी? आखिर आम जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले ठेकेदार पर कार्रवाई कब होगी?
नगर परिषद को तत्काल संज्ञान लेकर मिट्टी और बोल्डर हटवाने के साथ लापरवाह ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि किसी अनहोनी से पहले व्यवस्था सुधारी जा सके।
जावेद मोहम्मद विशेष संवाददाता भारत विमर्श चित्रकूट मध्य प्रदेश।
