नयागांव पुल निर्माण पर सरकार को घेरा, बोले नीलांशु चतुर्वेदी- अस्थाई पीपा पुल का फीता काटने से नहीं चलेगा विकास
1 min read
चित्रकूट – धर्मनगरी चित्रकूट में आई सदी की भीषण बाढ़ में नयागांव और हनुमान धारा को जोड़ने वाला पुल ढह जाने के बाद से क्षेत्र की आवागमन व्यवस्था प्रभावित है। कई महीने बीत जाने के बावजूद आज तक स्थायी पुल के निर्माण को लेकर कोई ठोस पहल सामने नहीं आई है। दीपावली मेले को देखते हुए लकड़हाई भैरव बाबा से बाबा घाट तक अस्थाई पीपा पुल का निर्माण कराया गया है। इसको लेकर चित्रकूट के पूर्व विधायक नीलांशु चतुर्वेदी ने मोहन सरकार पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री चित्रकूट आते हैं और स्वयंसेवी संस्था के कार्यक्रम में दीपदान करते हैं, जबकि उन्हें आम जनता के बीच पहुंचकर दीपदान करना चाहिए था, ताकि लोगों की समस्याओं से रूबरू हो सकें। उन्होंने सवाल उठाया कि जब नयागांव पुल के स्थायी निर्माण को लेकर कोई घोषणा या ठोस पहल नहीं हुई, तो फिर अस्थाई पीपा पुल का उद्घाटन किस उपलब्धि के रूप में किया जा रहा है साथ ही बाढ़ पीड़ितों के मुवाजे की बात कही सरकार द्वारा सिर्फ पांच – पांच हजार रुपये दिया गया और आवाज उठाने पर दो चार लोगों को एक – एक लाख रुपए दे दिया गया।
पूर्व विधायक ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार ने प्रदेश में बहुत से शौचालय भी बनवाए हैं, तो क्या अब उनका भी फीता काटा जाएगा? उन्होंने आरोप लगाया कि चित्रकूट में सांसद, विधायक, अध्यक्ष और पार्षद सभी सत्ता पक्ष के हैं, इसके बावजूद क्षेत्र की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों पर भ्रष्टाचार में डूबे होने का आरोप लगाते हुए कहा कि चित्रकूट की आम जनता की चिंता करने वाला कोई नहीं है।
चतुर्वेदी के इस बयान के बाद चित्रकूट में स्थायी पुल निर्माण और विकास कार्यों को लेकर राजनीतिक बहस तेज होने की संभावना है। अब सवाल यह है कि आखिर नयागांव पुल का स्थायी निर्माण कब शुरू होगा और क्षेत्र की जनता को कब तक अस्थाई व्यवस्था के सहारे रहना पड़ेगा?
जावेद मोहम्मद विशेष संवाददाता भारत विमर्श चित्रकूट मध्य प्रदेश।
