May 21, 2026

विद्यार्थियों ने कलेक्टर एवं एसपी से साझा किए अनुभव

1 min read
विद्यार्थियों ने कलेक्टर एवं एसपी से साझा किए अनुभव
Spread the love

सतना –भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के शैक्षणिक एवं प्रेरणादायी भ्रमण से लौटे विद्यार्थियों ने गुरूवार को कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस एवं पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह से सौजन्य भेंट कर अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर एक्सीलेंस स्कूल वेंकट क्रमांक-1 सतना के 13 छात्र-छात्राओं ने प्राचार्य कमलेश सिंह बघेल, मार्गदर्शी शिक्षक डॉ. रामानुज पाठक, नविता जायसवाल एवं नंदकिशोर पाठक के साथ उपस्थित होकर यात्रा का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सतना हंसराज सिंह, नगर निगम आयुक्त शेर सिंह मीना, एसडीएम राहुल सिलाडिया उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने विद्यार्थियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उल्लेखनीय है कि सतना जिले से विज्ञान मंथन यात्रा हेतु कुल 24 छात्र-छात्राओं का चयन हुआ था। इनमें सर्वाधिक 16 विद्यार्थियों का चयन एक्सीलेंस स्कूल वेंकट क्रमांक-1 से हुआ। इसके अतिरिक्त सांदीपनी विद्यालय बगहा के 2 तथा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चोरहटा के 6 विद्यार्थियों ने भी इस वैज्ञानिक यात्रा में सहभागिता की। कलेक्टर सतना डॉ. सतीश कुमार एस ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के विभिन्न केंद्रों, वैज्ञानिक गतिविधियों और अंतरिक्ष अनुसंधान से जुड़े अनुभवों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बच्चों से चेन्नई के मौसम, वैज्ञानिक वातावरण तथा वहाँ की व्यवस्थाओं के विषय में चर्चा की। साथ ही पीएसएलवी एवं जीएसएलवी लॉन्च व्हीकल के मध्य अंतर पूछकर विद्यार्थियों की वैज्ञानिक समझ को परखा। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत आज विज्ञान और अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में विश्व के अग्रणी देशों में स्थान बना रहा है तथा नई पीढ़ी को इस दिशा में आगे बढ़कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से विज्ञान के क्षेत्र में कैरियर बनाने, जिज्ञासा बनाए रखने और निरंतर अध्ययन करने का आह्वान किया। इस दौरान कलेक्टर ने विद्यालय आने का वादा भी किया, जिससे विद्यार्थियों में विशेष उत्साह दिखाई दिया।
पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए उनके अनुभव सुने और वैज्ञानिक उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने तथा कठिन परिश्रम और अनुशासन के माध्यम से उन्हें साकार करने की प्रेरणा दी। व्यकट क्रमांक-1 विद्यालय से इसरो भ्रमण हेतु चयनित विद्यार्थियों में कक्षा 12 से पल्लवी राठौड़, रिषिका त्रिपाठी, रुद्राक्ष त्रिपाठी एवं तोषी गौतम; कक्षा 11 से आदित्य पांडेय, अखंड प्रताप यादव, कंचन चौधरी, रितिक तिवारी एवं नेहा पटेल तथा कक्षा 10 से कृष्णा गुप्ता, मोहिना गुप्ता, प्राची कुशवाहा, प्रियंकज कुशवाहा, राधे गुप्ता, अंश राज सिंह, राजवीर सिंह तोमर एवं उत्कर्ष गुप्ता का चयन हुआ था। यात्रा में कुल 16 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इस शैक्षणिक भ्रमण के लिए चयनित शिक्षकों में डॉ. रामानुज पाठक उच्च माध्यमिक शिक्षक, रसायन विज्ञान एवं श्रीमती नविता जायसवाल उच्च माध्यमिक शिक्षक, भौतिक विज्ञान शामिल रहीं।

भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *