May 18, 2026

नामदेव समाज विकास परिषद मध्य प्रदेश, भोपाल की कमान राजेंद्र नामदेव को

1 min read
नामदेव समाज विकास परिषद मध्य प्रदेश, भोपाल की कमान राजेंद्र नामदेव को
Spread the love


रात करीब एक बजे तक चली मतगणना, इंजी. अरुण नामदेव और राजेंद्र नामदेव के बीच हुई कांटे की टक्कर

भोपाल – नामदेव समाज विकास परिषद मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में समाज की एकजुटता और लोकतांत्रिक भागीदारी का उत्साह देखने को मिला। इस प्रतिष्ठित मुकाबले में राजेंद्र नामदेव ने इंजी. अरुण नामदेव को 100 से अधिक मतों से हराकर अगले तीन वर्षों के लिए परिषद की कमान अपने हाथों में ले ली। यह मतगणना रात करीब 1 बजे तक चली, जिसके बाद चुनाव अधिकारियों ने जीते हुए प्रत्याशियों की घोषणा की।

प्रदेशभर से पहुंचे मतदाता, 1237 लोगों ने किया मतदान
चुनाव में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से समाजजन बड़ी संख्या में मतदान करने पहुंचे। कुल करीब 1237 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। मतगणना में राजेंद्र नामदेव को लगभग 645 वोट प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंदी इंजी. अरुण नामदेव को करीब 538 मत मिले। कुछ मत गलत तरीके से पर्चा भरने के कारण निरस्त भी किए गए, वहीं कई लोगों ने पर्चा लेने के बावजूद मतदान नहीं किया।

समाज की एकता और लोकतंत्र की मिसाल बना चुनाव
पूरे चुनाव के दौरान समाज में उत्साह और भाईचारे का माहौल देखने को मिला। चुनाव प्रक्रिया ने यह साबित किया कि नामदेव समाज में लोकतांत्रिक परंपरा मजबूत हो रही है और समाजजन संगठन की मजबूती के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

महामंत्री पद पर सुभाष वर्मा निर्विरोध चुने गए
परिषद के महामंत्री पद के लिए सुभाष वर्मा को निर्विरोध चुना गया। वहीं कोषाध्यक्ष पद के लिए भी कांटे की टक्कर देखने को मिली। कोषाध्यक्ष पद के लिए भीकम सिंह नामदेव और ओपी नामदेव के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें भीकम सिंह नामदेव ने जीत हासिल कर पद अपने नाम किया।

नई टीम से समाज को नई दिशा मिलने की उम्मीद
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के चयन के बाद समाजजनों में उत्साह का माहौल है। लोगों को उम्मीद है कि नई कार्यकारिणी समाज के विकास, संगठन विस्तार और सामाजिक एकता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेगी।

भारत विमर्श भोपाल मध्य प्रदेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *