15 दिन में निर्माण कार्य में प्रगति नहीं हुई तो निरस्त होगा टेंडर
1 min read
सतना – कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने शुक्रवार को महापौर श्री योगेश ताम्रकार के साथ सोनौरा में निर्माणाधीन मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की गति धीमी पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्माण एजेंसी को 15 दिवस का अंतिम चेतावनी नोटिस जारी करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने कहा कि यदि आगामी 15 दिनों के भीतर निर्माण कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं पाई जाती है, तो संबंधित निर्माण एजेंसी का टेंडर निरस्त कर एजेंसी को टर्मिनेट करने की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में निर्माणाधीन एडमिन ब्लॉक, स्विमिंग पूल, मल्टी स्पोर्ट्स हॉल एवं इंडोर स्पोर्ट्स हॉल का अवलोकन किया तथा गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि यह मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स जिले के खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा केंद्र साबित होगा। उन्होंने परिसर में खिलाड़ियों एवं आगंतुकों की सुविधा के लिए कैंटीन अथवा रेस्टोरेंट विकसित करने का सुझाव भी दिया। इस अवसर पर आयुक्त नगर निगम शेर सिंह मीना, डिप्टी कमिश्नर सत्यम मिश्रा, उत्कर्ष प्रताप सिंह, ई.ई. मुकेश चतुर्वेदी, उपयंत्री अश्वनी सिंह, शैलेंद्र सिंह दहायत सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश
