May 6, 2026

बगदरा घाटी में बारातियों से भरी बस पलटी, 23 घायल, तीन की हालत गंभीर

1 min read
बगदरा घाटी में बारातियों से भरी बस पलटी, 23 घायल, तीन की हालत गंभीर
Spread the love

चित्रकूट – चित्रकूट थाना क्षेत्र की बगदरा घाटी में बुधवार को एक सड़क हादसा हो गया, बारातियों से भरी बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, हादसे में बस में सवार करीब 23 लोग घायल हो गए। जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही मझगवां और चित्रकूट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार यूपी के रहपुरा के पास से बस क्रमांक एमपी 17 पी 0516 बारात लेकर रीवा गई थी। बुधवार को रीवा से लौटते समय शाम लगभग 5 बजे बस जब घाटी क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी अचानक बस की कमानी टूट गई। तकनीकी खराबी के चलते चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस घाटी में पलट गई। हादसा इतना तेज था कि बस में बैठे यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मझगवां और चित्रकूट थाना पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए जानकीकुंड अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार तीन घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और बस में सवार यात्रियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके। प्रारंभिक जांच में बस की तकनीकी खराबी को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।

जावेद मोहम्मद विशेष संवाददाता भारत विमर्श चित्रकूट मध्य प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *