July 2, 2026
Spread the love

पेट्रोल, डीजल एवं घरेलु गैस की उपलब्धता बनाये रखने के निर्देष

सतना – मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने प्रदेश में वाणिज्यिक श्रेणी (कमर्शियल) के एलपीजी गैस सिलेंडरों की उपलब्धता को लेकर सभी जिलों के कलेक्टरों को निर्देश जारी किए हैं। निर्देषों के परिप्रेक्ष्य में कलेक्टर डॉ. सतीष कुमार एस ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के खाद्य विभाग के अधिकारियों, आयल कम्पनी के अधिकारी और एलपीजी वितरकों एवं होटल व्यवसायियों की संयुक्त बैठक लेकर वाणिज्यिक और घरेलु सिलेण्डर के स्टाक की उपलब्ध की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि जिले में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलु गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और फिलहाल कोई समस्या नहीं है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर विकास सिंह, खाद्य अधिकारी सम्यक जैन सहित संबंधित अधिकारी भी उपस्थित थे।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा सभी सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों को निर्देश दिए गए हैं कि एलपीजी की आपूर्ति और वितरण में प्राथमिकता घरेलू उपभोक्ताओं को दी जाए। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि वर्तमान में प्रदेष में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलु गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टाक एवं आपूर्ति बनी हुई है। घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए एलपीजी वितरण व्यवस्था में कुछ अतिरिक्त कदम उठाए गए हैं। इसके तहत पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद ही नई रीफिल बुकिंग स्वीकार की जा रही है। इस व्यवस्था का उद्देश्य कालाबाजारी और अनियमितता पर रोक लगाते हुए उपभोक्ताओं को समान रूप से गैस उपलब्ध कराना है। वर्तमान परिस्थितियों में अस्पताल और शैक्षणिक संस्थानों के अलावा अन्य वाणिज्यिक उपभोक्ताओं जैसे होटल, ढाबा, बल्क एलपीजी उपयोग करने वाले औद्योगिक क्षेत्र एवं फैक्ट्रियों को कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति फिलहाल नहीं की जाएगी।

कलेक्टर ने बताया कि खाद्य विभाग, तेल कंपनियों के अधिकारियों और एलपीजी वितरकों के साथ नियमित बैठकें आयोजित कर घरेलू और वाणिज्यिक सिलेंडरों की उपलब्धता की समीक्षा की जायेगी। उन्होंने कहा कि निर्देषों के अनुसार सुनिष्चित किया जायेगा कि वितरक स्तर पर एलपीजी सिलेण्डर की कोई जमाखोरी और कालाबाजारी की स्थिति निर्मित नहीं होने पाये। बैठक में उन्होंने कहा कि सभी वितरक कंपनी द्वारा डिस्ट्रिब्यूटरों से मांगी गई स्टाक संबंधी जानकारी सत्य रूप में देंगे। साथ ही ग्राहकों को जागरूक करेंगे कि घरेलु गैस सिलेण्डर की कोई कमी नहीं है। इसलिए अपने उपयोग के अनुसार ही सिलेण्डर की बुकिंग कराये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *