March 9, 2026

जौनपुर बेहतर उपज लेने वाले किसान पुरस्कार के लिए कराएं पंजीकरण

1 min read
जौनपुर बेहतर उपज लेने वाले किसान पुरस्कार के लिए कराएं पंजीकरण
Spread the love

जौनपुर – भूतपूर्व प्रधानमंत्री एवं किसान नेता चौधरी चरण सिंह की जयंती 23 दिसंबर को हर वर्ष किसान सम्मान दिवस के रूप में मनाई जाती है। इस अवसर पर कृषि और इससे जुड़े क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को राज्य व जनपद स्तर पर सम्मानित किया जाता है। इसके लिए जनपद के किसानों से पंजीकरण कराने की अपील की गई है।
कृषि विभाग की ओर से किसानों की फसलों के क्राप कटिंग परिणाम के आधार पर प्रतियोगिता कराई जाती है। खरीफ और रबी फसलों में सर्वोच्च उत्पादकता प्राप्त करने वाले किसानों को जनपद स्तर पर पुरस्कृत किया जाता है। इसमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले किसान को सात हजार रुपये तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले किसान को पांच हजार रुपये, प्रशस्ति पत्र व अंगवस्त्र देकर जनप्रतिनिधियों व जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया जाएगा। जनपद में इस वर्ष कुल 36 किसानों को पुरस्कार दिया जाएगा।
उप परियोजना निदेशक आत्मा डॉ. रमेश चंद्र यादव ने बताया कि 23 दिसंबर को आत्मा योजना के अंतर्गत आयोजित होने वाले किसान सम्मान दिवस के लिए रबी फसलों की प्रतियोगिता हेतु पंजीकरण शुरू हो गया है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे अपने उपज परिणाम निर्धारित प्रारूप में तैयार कर कृषि भवन में जमा कर पंजीकरण करा लें।
उन्होंने बताया कि जनपद स्तर पर सर्वोच्च उत्पादकता प्राप्त करने वाले किसानों की सूची मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति से अनुमोदन के बाद प्रदेश स्तर पर भेजी जाती है। प्रदेश स्तर पर चयनित किसानों को मुख्यमंत्री द्वारा प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 75 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 50 हजार रुपये देकर सम्मानित किया जाता है। प्रदेश स्तर पर कुल 58 कृषकों को सम्मानित किया जाता है।

अमरजीत सिटी रिपोर्टर भारत विमर्श जौनपुर उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *