October 25, 2026

प्रदेश में 68 लाख 97 हजार को निःशुल्क मिलेंगे भूमि स्वामित्व के प्रमाण पत्र – मुख्यमंत्री

1 min read
प्रदेश में 68 लाख 97 हजार को निःशुल्क मिलेंगे भूमि स्वामित्व के प्रमाण पत्र - मुख्यमंत्री
Spread the love

स्वामित्व अधिकार अभिलेख पंजीयन का व्यापक प्रचार-प्रसार करें – मुख्यमंत्री
सतना – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन पंजीयन योजना के संबंध में निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना से आबादी भूमि के 68 लाख 97 हजार भू स्वामियों को पंजीयन प्रमाण पत्र प्रदान किए जा रहे हैं। अभियान 17 सितम्बर से आरंभ होगा। पटवारी तथा भू स्वामी सारा ऐप पर भू अधिकार पत्र एवं ई केवाईसी दर्ज करेंगे। नायब तहसीलदार और तहसीलदार इसका ऑनलाइन सत्यापन करके पंजीयन प्रमाण पत्र जारी कर देंगे। इसके लिए ग्राम पंचायत में तीन चरणों में तीन दिवसीय शिविर लगाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामित्व अधिकार अभिलेख पंजीयन योजना से 68 लाख अधिक व्यक्ति लाभान्वित हो रहे हैं। पूरी कार्यवाही ऑनलाइन की जा रही है। भू स्वामी को पंजीयन प्रमाण पत्र निरूशुल्क प्राप्त हो रहे हैं। इस अभियान का कलेक्टर व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं। इसके लिए सोशल मीडिया का भी व्यापक उपयोग करें। किसानों और ग्राम स्तर के सोशल मीडिया ग्रुप पर भी इसकी जानकारी शेयर कराएं। सभी कलेक्टर शिविरों के स्थल और तिथियाँ तय करके इसमें पटवारी, ग्राम रोजगार सहायक, ग्राम पंचायत सचिव की ड्यूटी लगा दें। शिविर स्थल में बिजली और इंटरनेट की निर्बाध व्यवस्था करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक मुख्यमंत्री सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। सभी कलेक्टर इसकी तिथिवार और निर्धारित कार्यक्रमवार कार्य योजना तैयार करके दो दिवस में प्रस्तुत करें। अभियान के दौरान विकसित भारत और विकसित मध्यप्रदेश का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं। प्रमुख सार्वजनिक स्थलों तथा हितग्राहियों के घरों में 17 सितम्बर को शाम 7 बजे आशीर्वाद के दीपक जलाए जाएंगे। सार्वजनिक स्थलों तथा दीपों की संख्या का निर्धारण करके व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों तथा सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं को भी इन कार्यक्रमों में शामिल करें। अभियान के दौरान युवाओं से जुड़े कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान दें। अभियान में चिन्हित 13 गतिविधियों में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकास के कार्य लगातार हो रहे हैं। बड़े निर्माण कार्यों और योजनाओं से कई सकारात्मक परिवर्तन हुए हैं। सरकार की विकास योजनाओं, स्वरोजगार योजनाओं तथा कल्याणकारी कार्यक्रमों से लाभ लेकर लाखों हितग्राहियों का जीवन बेहतर हुआ है। इनके अनुभव और बदलाव की कहानी जन-जन तक पहुंचाना है। इसके लिए अच्छे फोटोग्राफ्स के साथ सफलता की कहानियाँ तथा वीडियो बाइट तैयार कराएं। विकास कार्यों को चित्रित करने वाली मानव रंगोली भी अभियान के दौरान बनाई जाएगी।
वीडियो कान्फ्रेंसिंग में बताया गया कि स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन पंजीयन योजना के क्रियान्वयन के लिए पटवारियों तथा ग्राम पंचायत सचिवों को प्रशिक्षण दिया गया है। प्रदेश में 3771 नायब तहसीलदारों को उप पंजीयक के अधिकार देकर संपदा-2 पोर्टल के माध्यम से पंजीयन प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। प्रथम चरण के शिविर 17, 18 तथा 19 सितम्बर को लगेंगे। इसके बाद 24, 25 तथा 26 सितम्बर एवं तीसरे चरण में एक, दो और तीन अक्टूबर को शिविर लगेंगे। शिविर समाप्त होने के सात दिन के भीतर पंजीयन प्रमाण पत्र जारी कर दें। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री सेवा संकल्प अभियान के 13 बिन्दुओं के संबंध में की जाने वाली कार्यवाहियों की बिन्दुवार जानकारी दी गई। सतना कलेक्ट्रेट के एनआईसी कक्ष से कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, अपर कलेक्टर विकास सिंह सहित संबंधित अधिकारी वीसी में शामिल हुए।

भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved Powered By Fox Tech Solution | Newsphere by AF themes.