चित्रकूट में लापरवाही बनी हादसे की वजह, बाइक को टक्कर मारने के बाद कार पेड़ से भिड़ी, नौ घायल
1 min read
चित्रकूट – धार्मिक नगरी चित्रकूट में एक बार फिर सड़क पर लापरवाही भारी पड़ गई। चित्रकूट क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में कुल नौ लोग बुरी तरह से घायल हो गए। यह हादसा बाइक और कार की टक्कर के बाद हुआ, जिसमें कार सवार एक ही परिवार के लोग भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, बाइक सवार पुष्पेंद्र पटेल निवासी टेढ़ी चित्रकूट अपने साथी धीरज के साथ बाइक क्रमांक एमपी 19 एमएल 4415 से गोदावरी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही कार क्रमांक यूपी 44 सीटी 5798, जिसमें उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले का एक परिवार सवार था और जो चित्रकूट भ्रमण पर आया हुआ था, ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक सवार दोनों युवक सड़क किनारे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घबराए कार सवार परिवार ने मौके से भागने की कोशिश की। इसी दौरान राम वन पार्क के पास कार चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई, इस दूसरी दुर्घटना में कार सवार चालक अर्पित वर्णवाल, उसकी पत्नी प्रियंका, भाई आदित्य तथा चार बच्चों में रुपाली, सची, देवांश और अंश सभी बुरी तरह से घायल हो गए। जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जावेद मोहम्मद विशेष संवाददाता भारत विमर्श चित्रकूट मध्य प्रदेश
