जौनपुर में दिनदहाड़े ग्राहक सेवा केंद्र संचालक की हत्या, इलाके में सनसनी
1 min read
जौनपुर- जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। खुटहन थाना क्षेत्र के ग्राम पनौली में दिनदहाड़े ग्राहक सेवा केंद्र संचालक की लूट के बाद हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान फूलचंद उर्फ मेवाराम पासवान उम्र लगभग 60 वर्ष के रूप में हुई है, जो गांव में ग्राहक सेवा केंद्र का संचालन करते थे।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार मृतक की जेब से 1 लाख 68 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं, जिससे घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के शीघ्र खुलासे के लिए 5 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच सभी संभावित एंगल से की जा रही है और जल्द ही घटना का अनावरण किया जाएगा।

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद से गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है।
अमरजीत सिटी रिपोर्टर भारत विमर्श जौनपुर उत्तर प्रदेश
