October 17, 2026

दूर संचार सलाहकार समिति की बैठक संपन्न

1 min read
दूर संचार सलाहकार समिति की बैठक संपन्न
Spread the love

सतना – विंध्य क्षेत्र के 10 जिलों में डिजिटल क्रांति को नई गति देने के उद्देश्य से सतना सांसद श्री गणेश सिंह की अध्यक्षता में संपन्न दूर संचार सलाहकार समिति की बैठक में दूर संचार नेटवर्क विस्तार और सेवा उत्कृष्टता पर विशेष जोर दिया गया। समिति की बैठक में फाइबर-टू-द-होम (एफटीटीएच) नेटवर्क के अक्रामक विस्तार की योजना को मंजूरी दी गई, ताकि विस्तारित परिचालन क्षेत्र में व्यवसायों और घरों तक अल्ट्रा हाई स्पीड इंटरनेट पहुंचाया जा सके। विंध्य चेम्बर्स ऑफ कामर्स में सम्पन्न इस बैठक में सतना, सीधी, सिंगरौली और शहडोल के टीएसी सदस्य प्रदीप अरोरा, केके त्रिपाठी, अतुल सिंह परिहार, प्रमोद कुमार शुक्ला, चन्द्रभान पटेल, धर्मेन्द्र सिंह, संजय सिंह, हरिओम गुप्ता, प्रमोद कुमार दुबे, मोतीलाल पटेल, महेश प्रजापति, राजकुमार तिवारी, ज्ञानप्रकाश गुप्ता, सुरेश गिरी, शारदा प्रसाद शर्मा, अंकित शर्मा के अलावा प्रधान महाप्रबंधक यतीश कथेरिया भी उपस्थित रहे।
सांसद ने कहा कि दूर संचार सलाहकार समिति उपभोक्ताओं की आवाज है। सतना व्यावसायिक क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक के लिए पारदर्शी तरीके से निर्बाध और विश्व स्तरीय दूर संचार सेवायें पहुंचाना हमारा स्पष्ट लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की दूर संचार की डिजिटल योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के गांव तक पहंुचाने के लिए टीएसी कटिबद्ध है। सांसद श्री सिंह ने मिशन मोड में 4जी सेवाओं के विस्तार के लिए सैचुरेशन (संतृप्ति) की आवश्यकता पर जोर दिया। बैठक में सभी शामिल 10 जिलों के ग्रामीण और दूर-दराज के क्षेत्र में अंतर को पाटने एक विस्तृत कार्य योजना प्रस्तुत की गई। बताया गया कि सीधी, सिंगरौली क्षेत्र के कुर्छु, भितरी, अमसी, दुरदुरा, गोरधर, गेरुई, मोहगढ़ी, तख्तुआ, रेडी, परमा, बगदेवा, मडराइच, लमसरी, मनवारी, पुरेंनडोल एवं अमरापान तथा सतना जिले के देवरी में गांव में कार्य प्रगति पर है। अगले चरण में सतना व्यावसायिक क्षेत्र के 86 नये गांवों को 4जी से जोडने की योजना है। जिनमें पन्ना के 4, रीवा के 1, सतना के 4, शहडोल के 59 और सीधी-सिंगरौली के 18 गांव शामिल है।

समिति की बैठक में बताया गया कि ग्रामीण सशक्तीकरण की दिशा में नई उपलब्धि दर्ज कराते हुए सतना व्यावसायिक क्षेत्र में 250 से अधिक ग्राम पंचायतें अब हाईस्पीड ब्रांड बैंड सेवा के लिए तैयार है। शेष पंचायतों को अगली तिमाही तक जोडने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। दूर संचार शिकायतों के निराकरण पर सांसद श्री गणेश सिंह ने कहा कि शिकायतों के निराकरण पर उपभोक्ताओं की संतुष्टि के प्रति सक्रिय दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। सीधी, शहडोल और सिंगरौली के सदस्यों द्वारा उठाये गये टावर कनेक्टिविटी और बिलिंग के मुद्दों को प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश भी दिये। विकास कार्यो सडक, नल जल योजना, सीवर लाइन, गैस पाइप लाइन आदि के कार्यो के दौरान एजेंसियों द्वारा बीएसएनएल की फाइबर क्षति ग्रस्त होने की रोकथाम के लिए सीबीयूडी ऐप का प्रयोग व्यापक तरीके से करने का आग्रह किया गया। प्रधान महाप्रबंधक यतीश कथेरिया ने कहा कि बीएसएनएल समिति के दृष्टिकोण को पूरा करने और उपभोक्ताओं के अनुभवों को बेहतर बनाने सभी निर्णयों को समय-सीमा के भीतर लागू किया जायेगा। सतना व्यावसायिक क्षेत्र प्रमुख दूर संचार केन्द्र है। जो पन्ना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल और रीवा सहित 10 जिलों के परिचालन क्षेत्रों को समाहित करता है।

भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved Powered By Fox Tech Solution | Newsphere by AF themes.