September 29, 2026

हर्ष और उल्लास के साथ समारोहपूर्वक मनाया गया 79वां स्वतंत्रता दिवस

1 min read
Spread the love

सतना – सतना जिले में देश की आजादी का 79वां स्वतंत्रता दिवस हर्ष और उल्लास के साथ समारोहपूर्वक मनाया गया। पुलिस परेड ग्राउण्ड में आयोजित मुख्य समारोह में कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। उन्होंने सफेद जिप्सी में पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, रक्षित निरीक्षक देविका सिंह बघेल के साथ परेड का निरीक्षण किया। समारोह में जिला पुलिस बल एवं नगर सेना सहित एनसीसी की टुकड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट एवं हर्ष फायर किया। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने मुख्य समारोह में ठीक प्रातः 9 बजे राष्ट्रगान की धुन के बीच ध्वजारोहण किया। उन्होंने शांति और समृद्धि के प्रतीक गुब्बारे भी आकाश में विचरण के लिए छोड़े। परेड में जिला पुलिस बल और होमगार्ड सहित एनसीसी सीनियर और जूनियर, स्काउट गाइड, पुलिस बैंड सहित कुल 11 प्लाटूनें शामिल रहीं। परेड का नेतृत्व परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक देविका सिंह बघेल ने किया। कलेक्टर ने प्लाटून कमांडरों से परिचय भी प्राप्त किया। सशस्त्र बल की टुकडी ने राष्ट्रगान की धुन पर तीन बार हर्ष फायर किया। मुख्य अतिथि कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने परेड की सलामी ली।
समारोह में पहली बार प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का लाइव टेलीकास्ट (सीधा प्रसारण) देखा व सुना गया। इस नई व्यवस्था की नागरिकों ने भरपूर सराहना की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने मुख्यमंत्री जी के संदेश प्रसारण के बाद सतना जिले की आगामी विकास परियोजनाओं और जिले की उपलब्ध्यिं का उल्लेख करते हुए बधाई संदेश का वाचन भी किया। कलेक्टर ने समारोह में उपस्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और कारगिल शहीदों तथा देहदानियों के परिजनों एवं लोकतंत्र सेनानियों का शॉल-श्रीफल से सम्मान किया। कार्यक्रम में शहर के 47 विद्यालयों के लगभग 2 हजार नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सामूहिक पीटी का शानदार प्रदर्शन किया। स्थानीय स्कूलों के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सामूहिक पीटी प्रदर्शन के बाद स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति पूर्ण आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये। इनमें महारानी लक्ष्मी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सतना की छात्राओं, दिल्ली पब्लिक स्कूल सतना, सेंट माइकेल स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति पूर्ण लोकगीत और नृत्य के माध्यम से सजीव प्रस्तुतिकरण किया। कार्यक्रम के दौरान समारोह में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं एवं सुरक्षा बलों को पुरुस्कृत भी किया गया। इनमें परेड आर्म्ड वर्ग में जिला पुलिस महिला संवर्ग सतना को प्रथम, जिला पुलिस बल पुरूष वर्ग सतना को द्वितीय, विशेष सशस्त्र बल 10वीं वाहिनी सतना को तृतीय पुरूस्कार दिया गया। अनआर्म्स वर्ग में जिला स्काउट गाइड दल को प्रथम, शौर्या दल को द्वितीय और जिला गाइड दल को तृतीय पुरुस्कार दिया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रस्तुति के लिये पहला पुरुस्कार शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को प्रथम, सेंट माइकल को द्वितीय और दिल्ली पब्लिक सीनियर सेकेण्डरी स्कूल को तृतीय पुरूस्कार दिया गया।
सामूहिक पीटी प्रदर्शन के लिये जिला शिक्षा अधिकारी कंचन श्रीवास्तव और जिला क्रीडा अधिकारी मीना त्रिपाठी को प्रशस्ति पत्र प्रदान किये गये। समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने विभिन्न विभागों की योजनाओं, कार्यक्रमों में बेहतर कर्तव्य निर्वहन के लिये विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों और पुलिस अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र से पुरुस्कृत किया। इस मौके पर विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर उपलब्ध्यिं हासिल करने वाले जिले के नागरिक हाईस्कूल और हायर सेकेण्डरी परीक्षा में प्रदेश की मेरिट में स्थान दर्ज कराने वाले छात्र-छात्राओं को भी प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। इस मौके पर सांसद गणेश सिंह, महापौर योगेश ताम्रकार, जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पाण्डेय, विंध्य चेम्बर आफ कामर्स के अध्यक्ष सतीश सुखेजा, पूर्व महापौर ममता पाण्डेय, पूर्व स्पीकर सुधीर सिंह तोमर, बालेन्द्र गौतम, रामदास मिश्रा, सीईओ जिला पंचायत संजना जैन, आयुक्त नगर निगम शेर सिंह मीना, जिला वनमण्डलाधिकारी मयंक चांदीवाल, सहायक कलेक्टर अनिकेत शांडिल्य, अपर कलेक्टर सुधीर बेक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवेश सिंह, एसडीएम राहुल सिलाडिया, एलआर जांगडे, डिप्टी कलेक्टर बीके मिश्रा सहित गणमान्य नागरिक, स्थानीय प्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी तथा पत्रकारगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला पंचायत के परियोजना अधिकारी डॉ. गौरव शर्मा ने किया।

भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved Powered By Fox Tech Solution | Newsphere by AF themes.