दादी और पोते को गोली मारने वाला मुख आरोपी हुआ गिरफ्तार
1 min read
जौनपुर – कोतवाली क्षेत्र के नईगंज में बीते 16 सितंबर को दादी पोते को गोली मारकर घायल करने के मामले में आरोपियों ने पुलिस को खूब छकाया। 27 दिन बाद पुलिस ने घटना के षड़यंत्रकारी आरोपी को रविवार को सद् भावना पुल विसर्जन घाट से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसका चालान करके जेल भेज दिया। अभी भी घटना में संलिप्त दो आरोपी फरार चल रहे हैं। बीते 16 सितंबर को सिकरारा के बरईपार निवासी अजय आनंद उर्फ शनि यादव पुत्र राजेंद्र यादव नईगंज में राजकुमार हास्पिटल के पास अपने ट्रैक्टर पार्ट्स की दुकान पर बैठा था। सुबह करीब 10.55 बजे नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने दुकान में बैठे शनि यादव को लक्ष्य कर गोली मार दी। जो उनके पीठ व बाए पैर में लगी। इस दौरान वहां मौजूद दादी कलावती यादव पोते को बचाने आई तो उनके भी बाएं पैर में घुटने के ऊपर गोली लग गई। इससे दोनों ही घायल हो गए। इसमें दादी का उपचार जिला चिकित्सालय व पोपे का उपचार ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। हालांकि दोनों घर लौट आए। कोतवाल मिथिलेश मिश्र रविवार की दोपहर 12.05 बजे सद् भावना पुल विसर्जन घाट पर मूर्तियों का विसर्जन करा रहे थे। इसी समय मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या के प्रयास का साजिशकर्ता आशीष यादव(26) निवासी सिपाह कोतवाली पुल पर मौजूद हैं, उन्होंने पुलिस टीम के साथ धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी ने कबूला कि वह नईगंज गोलीकांड में अजय आनंद उर्फ शनि यादव की गोली मारने में साजिशकर्ता है। इस बाबत क्षेत्राधिकारी शहर देवेश सिंह ने बताया कि नईगंज गोलीकांड के एक साजिशकर्ता को गिरफ्तार किया गया है। शेष दो अन्य की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
अमरजीत सिटी रिपोर्टर भारत विमर्श जौनपुर उत्तर प्रदेश