October 17, 2026

पहले ‘कमल’ फिर ‘किस्मत’ से हार गए सिंघवी

1 min read
Spread the love

शिमला – तीन राज्यों की 15 राज्यसभा सीटों के लिए मंगलवार को चुनाव हुआ. इन राज्यों में उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश शामिल हैं. यूपी की 10, कर्नाटक की 4 और हिमाचल की एक राज्यसभा सीट पर मतदान हुआ. हिमाचल में बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जहां 40 विधायकों वाली कांग्रेस को सिर्फ 34 वोट मिले. इसके चलते पार्टी को हार का सामना करना पड़ा और बीजेपी उम्मीदवार की जीत हो गई. इतना ही नहीं, हिमाचल में कांग्रेस पहले ‘कमल’ से हारी और फिर ‘किस्मत’ से भी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा।

दरअसल, हिमाचल प्रदेश में एक राज्यसभा सीट के लिए हुए चुनाव में कुल 68 विधायकों ने वोटिंग की. बीजेपी और कांग्रेस, दोनों ही उम्मीदवारों को 34-34 वोट मिले. क्रॉस वोटिंग के चलते हिमाचल में पेंच फंस गया, जिसके बाद टॉस कराकर फैसला किया गया. इसमें बीजेपी उम्मीदवार हर्ष महाजन की जीत हो गई और कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक मनु सिंघवी को हार का सामना पड़ा. इस चुनाव में कांग्रेस के 6 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की. टोटल 9 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग करते हुए बीजेपी को वोट दिया।
इस तरह से दोनों पार्टियों को 34-34 वोट मिले और चुनाव में पेंच फंस गया. इसके बाद नतीजे के लिए कांग्रेस और बीजेपी उम्मीदवारों के बीच पर्ची डालने का फैसला किया गया. बस फिर क्या था. कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक मनु सिंघवी और बीजेपी उम्मीदवार हर्ष महाजन के बीच पर्ची डाली गई, लेकिन यहां भी कांग्रेस की किस्मत काम नहीं आई और नतीजे बीजेपी के पक्ष में चले गए. यानी पर्ची में बीजेपी उम्मीदवार की जीत हो गई।

कांग्रेस का एक वोट कैंसिल कराने पर अड़ गई थी बीजेपी

कांग्रेस का एक वोट रद्द कराने के लिए चुनाव आयोग के पास भेज दिया गया. दरअसल, बीजेपी पोलिंग एजेंट हेलीकॉप्टर के माध्यम से वोटिंग के लिए लाए गए बीमार कांग्रेस विधायक सुदर्शन बबलू के वोट को आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए वोट रद्द करवाने की मांग पर अड़े हैं. ये मामला इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया को भेजा गया है. चुनाव आयोग की तरफ से नियम के मुताबिक स्थिति क्लियर होने के बाद ही फैसला घोषित होगा।

कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक मनु सिंघवी ने प्रेस कांफ्रेंस करते हुए कहा कि मैं कांग्रेस की पूरी लीडरशिप का धन्यवाद देना चाहता हूं. उन्होंने मुझ पर भरोसा जताया और उम्मीदवार बनाया. उन 9 विधायकों का भी धन्यवाद देना चाहता हूं, जो कल साथ बैठे थे. उनमें से आज तीन हमारे साथ सुबह नाश्ते पर बैठे थे. उनसे मुझे शिक्षा मिली है. मैं हर्ष महाजन (बीजेपी उम्मीदवार) को बधाई देना चाहता हूं. उनकी पार्टी को एक बात कहना चाहूंगा कि वह अपने गिरेबान में झांककर देखे. मैं एक सिद्धांत की बात कर रहा हूं।

विधायकों को किडनैप कर ले गई हरियाणा पुलिस: सीएम सुक्खू

राज्यसभा चुनाव के बीच हिमाचल प्रदेश में बड़ा सियासी घटनाक्रम देखने को मिल रहा है. हिमाचल प्रदेश के कई विधायक पंचकूला के सेक्टर एक पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पहुंचे हैं. इसे आम जनता के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया गया है. सीएम सुक्खू ने बीजेपी पर विधायकों को किडनैप करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ बसों से हरियाणा पुलिस उनके विधायकों को किडनैप करके पंचकुला ले गई है. सियासी गलियारों में सुगबुगाहट है कि प्रदेश में सुक्खू सरकार पर खतरे के बादल मंडरा रहे हैं. कारण, कई विधायक बीजेपी के साथ जा सकते हैं।

भारत विमर्श भोपाल मध्य प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved Powered By Fox Tech Solution | Newsphere by AF themes.