सीएम योगी ने पुलिस भर्ती की उम्र सीमा में दी 3 साल की छूट
1 min read
लखनऊ – उत्तर प्रदेश में निकली 60,244 पुलिस कांस्टेबल की भर्ती को लेकर बड़ी खबर है। राज्य सरकार ने पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए उम्र सीमा तीन साल बढ़ा दी है। यूपी पुलिस में निकली इस भर्ती के लिए आवेदन कल यानी 27 दिसंबर से शुरू हो रहे हैं। इस भर्ती में अप्लाई करने के इच्छुक युवा uppbpb.gov.in के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। कांस्टेबल भर्ती के लिए अप्लाई करने की आखिरी तारीख 16 जनवरी है जबकि 18 जनवरी 2024 तक आवेदन फीस भरी जा सकती है।
सीएम योगी आदित्यनाथ के एडवाइजर अवनीश अवस्थी ने X के माध्यम से यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती के संबंध में लिए गए इस फैसले की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रमुख सचिव गृह को इस बार होने वाली पुलिस भर्ती में सभी वर्गों के अभ्यर्थियों की आयु सीमा में तीन वर्ष की छूट दिये जाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने X अकाउंट से इस बात की घोषणा करते हुए कहा कि युवाओं के हितों एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आपकी सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में यूपी पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस के पद पर भर्ती हेतु जारी प्रक्रिया में सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए उच्चतम आयु सीमा में तीन वर्ष की छूट देने का निर्णय लिया गया है।
कितने पद किसके लिए?
अनरिजर्व कैटेगरी के लिए 24,102 पद
EWS के लिए 6024 पद
OBC के लिए 16,264 पद
SC कैटेगरी के लिए 12,650 पद
ST कैटेगरी के लिए 1204 पद
कौन कर सकता है अप्लाई?
इस भर्ती के लिए 10वीं और 12वीं पास युवा अप्लाई कर सकते हैं। कैंडिडेट्स इस बारे में ज्यादा डिटेल आधिकारिक वेबसाइट पर चेक कर सकते हैं।
भारत विमर्श भोपाल मध्य प्रदेश