February 15, 2026

ग्रामोदय कैम्पस में हुआ एन.ई.पी. 2020 की तीसरी वर्षगांठ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण

1 min read
Spread the love

चित्रकूट- राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की तीसरी वर्षगाठ पर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्य आतिथ्य पर आईटीपीओ, प्रगति मैदान नई दिल्ली मे आयोजित अखिल भारतीय शिक्षा समागम में महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय द्वारा कुलपति प्रो भरत मिश्रा की अगुवाई में अपनी अकादमिक, रिसर्च, एक्सटेंशन गतिविधियों, अकादमिक नवाचारों और सोशल रिस्पॉन्सविल्टी गतिविधियों को प्रस्तुत किया गया। शिक्षा समागम कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि आए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने मार्गदर्शक उद्बोधन के पहले शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के साथ शैक्षिक विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय द्वारा लगाए गए नयनाभिराम स्टाल पर राष्ट्रीय शिक्षा नीति के परिपेक्ष्य में ग्रामोदय विश्वविद्यालय के योगदान, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम, ग्रामोदय से राष्ट्रोदय अभियान से अंगीकृत जानकारी प्रस्तुत की गई थी। स्टॉल पर ग्रामोदय विश्वविद्यालय द्वारा कौशल विकास मिशन के अंतर्गत निर्मित सामग्री और ग्रामोदय संदेश न्यूज़लेटर को भी प्रदर्शित किया गया था। ग्रामोदय विश्वविद्यालय स्टॉल पर प्रदर्शित जानकारी को लोगों ने रुचि पूर्वक देखा और पढ़ा। कुलपति प्रो भरत मिश्रा इस दौरान शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से ग्रामोदय से राष्ट्रोदय अभियान के अंतर्गत गतिविधियो की जानकारी दी। प्रो मिश्रा ने ग्रामोदय विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय की दिशा किए गए प्रयासों के अपडेट्स की जानकारी के शीघ्र केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाने की मांग की।

मध्य प्रदेश उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त कर्मवीर शर्मा और जीवाजी यूनिवर्सिटी ग्वालियर के कुलपति प्रो अविनाश तिवारी ने ग्रामोदय विश्वविद्यालय के स्टॉल पहुंच कर गतिविधियो का अवलोकन करते हुए सराहना की। प्रदर्शनी संयोजन कर रहे प्रो अमरजीत सिंह और डॉ सूर्य प्रकाश शुक्ल ने संयुक्त रूप से स्टॉल मे आए आगंतुकों को ग्रामोदय विश्वविद्यालय के वैशिष्ट्य को बताया और स्वागत किया।

कुलसचिव प्रो आर सी त्रिपाठी ने बताया कि अखिल भारतीय शिक्षा समागम कार्यक्रम का सीधा प्रसारण आज दूरदर्शन तथा प्रमुख टीवी चैनल के माध्यम से ग्रामोदय विश्वविद्यालय कैम्पस में किया गया। इस दौरान ग्रामोदय विश्वविद्यालय के शिक्षकों कर्मचारियों एवं छात्र छात्राओं की उपस्थित रही।

जावेद मोहम्मद विशेष संवाददाता भारत विमर्श चित्रकूट म.प्र.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed