November 15, 2026

शराब के लिए पैसे नहीं देने पर बुजुर्ग पर चाकू से हमला, आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

1 min read
शराब के लिए पैसे नहीं देने पर बुजुर्ग पर चाकू से हमला, आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार
Spread the love

पेट में चाकू से वार कर किया था घायल, न्यायालय में पेशी के बाद भेजा गया जेल

सतना – शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर एक व्यक्ति पर धारदार चाकू से हमला कर घायल करने के मामले में सिंहपुर और कोठी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे ग्राम टीकर निवासी गिरवर दाहिया (62), पिता रामसिपाही दाहिया, के घर गांव का ही बेटा सिंह बैस पहुंचा। उसने गिरवर दाहिया से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और अपने पास रखे धारदार चाकू से उनके पेट पर हमला कर दिया। घटना में गिरवर दाहिया गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल सतना में भर्ती कराया गया है।

पीड़ित की शिकायत पर सिंहपुर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 328/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं सहित एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक सतना हंसराज सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (देहात) प्रेमलाल कुर्वे एवं एसडीओपी नागौद रघु केशरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोठी और थाना प्रभारी सिंहपुर की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटा सिंह बैस, पिता रामदुलारे सिंह, निवासी ग्राम टीकर, थाना सिंहपुर को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नागौद में मेडिकल परीक्षण कराने के बाद न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने पर उसे उपजेल नागौद भेज दिया गया।

भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved Powered By Fox Tech Solution | Newsphere by AF themes.