March 28, 2024

मजदूर और किसान असली तपस्वी :- राहुल गांधी

1 min read
Spread the love

उजैन – महाकाल की नगरी उज्जैन में सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने एक बार फिर मोदी सरकार और बीजेपी को निशाने पर लिया। उन्होंने तीन बार ‘जय महाकाल’ बोलकर अपने भाषण की शुरुआत की। करीब 25 मिनट के अपने भाषण में राहुल गांधी ने कई बार ‘तपस्वी और तपस्या’ शब्द का इस्तेमाल किया। राहुल ने कहा कि भारत देश तपस्वियों का देश हैं। हिन्दू धर्म में तपस्वियों की पूजा की जाती है। उनका आदर किया जाता हैं।

राहुल गांधी ने गरीब, मजदूरों, किसानों, युवाओं और छोटे दुकानदार को असली तपस्वी बताया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार इन तपस्वियों के लिए कुछ नहीं करती, लेकिन एक दो लोग जो मोदी जी की पूजा करते हैं, उन्हें सब मिल जाता है।

बीजेपी के लोग तपस्वियों को खत्म करते हैं
राहुल बोले- बीजेपी के लोग भगवान के सामने हाथ जोड़ते हैं और फिर जो इस देश में तपस्या करते हैं उन्हें खत्म करते हैं। मतलब भगवान का अपमान करते हैं। किसान में भगवान हैं, मजदूर में भगवान हैं, छोटे दुकानदार में भगवान हैं। देश के इन असली तपस्वियों का अपमान हो रहा है।
नोटबंदी-GST कैश फ्लो खत्म करने के हथियार
नोटबंदी और जीएसटी को लेकर राहुल ने एक बार फिर मोदी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने रात 8 बजे आकर नोटबंदी की थी और रात 12 बजे जीएसटी लागू किया। ये दोनों पॉलिसियां नहीं थी, बल्कि कैश फ्लो को खत्म करने का हथियार हैं। आज देश का नुकसान हो रहा है, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और मिल भी नहीं सकता क्योंकि नोटबंदी, जीएसटी ने रीढ़ की हड्डी तोड़ दी।

भारत जोड़ो यात्रा हिन्दुस्तान की यात्रा
राहुल गांधी ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा कांग्रेस की यात्रा नहीं। हिंदुस्तान की यात्रा है। किसानों, मजदूरों, युवाओं और मीडिया की यात्रा है। सभी अपने-अपने स्तर पर इसमें मदद कर रहे हैं।

कमलनाथ बोले- सौदे से हमारी सरकार गिरा दी
कमलनाथ ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राहुल जी आप जिस प्रदेश में आए वह बेरोजगारी, भ्रष्टाचार के साथ ही किसानों और महिलाओं के साथ अन्याय में नंबर वन है। भारत की संस्कृति जोड़ने की है, ये शहर (शहर) उसी संस्कृति का प्रतीक है। भारत जोड़ो यात्रा संविधान की रक्षा के लिए है, हमारे सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा की यात्रा है। महाकाल मंदिर के लिए हमने साढ़े 3 सौ करोड़ दिए। मोदी जी आए जैसे उनकी योजना है। कमलनाथ ने कहा कि सौदे से हमारी सरकार गिरा दी। मैं भी सौदा कर सकता था, लेकिन मैंने ऐसा नहीं किया।

कवि संपत सरल ने सभा को संबोधित करते हुए सरकार और मीडिया पर व्यंग्य कसे। नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने भी संबोधित किया, उन्होंने किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा।

इससे पहले राहुल गांधी ने उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में आज भगवान महाकाल के दर्शन और पंचामृत अभिषेक पूजन किया। यहां राहुल रुद्राक्ष की माला पहने नजर आए। उन्होंने धोती पहनकर महाकाल की पूजा की। वे 13 मिनट तक गर्भगृह में रहे। उन्होंने साष्टांग दंडवत होकर महाकाल को प्रणाम किया। साथ ही नंदी महाराज के कान में मनोकामना कही। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ भी उनके साथ थे।

मध्यप्रदेश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का मंगलवार को सातवां दिन है। यात्रा अभी महाकाल की नगरी उज्जैन में है। इससे पहले उनकी यात्रा सुबह करीब साढ़े 6 बजे सांवेर से शुरू हुई। राहुल के साथ पूर्व सीएम कमलनाथ, दिग्विजय सिंह और जयराम रमेश समेत कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च किया।

रास्ते में यात्रा ने मयंक जाट ढाबे पर टी ब्रेक लिया। यहां राहुल गांधी ने श्रीराम कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल खरसौद खुर्द बड़नगर के बच्चों के साथ चाय-नाश्ता किया। उन्होंने बच्चों से उनके भविष्य को लेकर बात भी की। टी ब्रेक के दौरान राहुल गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने बच्चों के साथ डांस किया।

निनोरा में यात्रा का लंच ब्रेक हुआ। राहुल ने तपोभूमि में जाकर जैन संत प्रज्ञा सागर महाराज जी से आशीर्वाद लिया।
कांग्रेस नेताओं ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
इससे पहले कांग्रेस नेताओं ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। जिसमें कांग्रेस विधायक सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि महू में वकीलों ने राहुल गांधी को संविधान की किताब सौंपी थी। कहा था कि जिस तरह आज संविधान की आत्मा को जख्मी किया जा रहा है, उसके खिलाफ हम आपके साथ हैं। हमें भरोसा है संविधान की आत्मा को आप जख्मी नहीं होने देंगे। आज किसानों की बातों को गौण बना दिया गया है। पूरे देश में मंदिर-मस्जिद का माहौल बना दिया गया है।

शोभा ओझा ने कहा- बीजेपी की सरकार में लोकतांत्रिक संस्थाओं को कुचल दिया गया है। लोगों को जबरन जेलों में बंद किया गया। भारत जोड़ो यात्रा को समर्थन मिल रहा है। लोग स्वत: जुड़ रहे हैं। हमने प्रशासनिक स्तर पर बसें नहीं लगाईं, न ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बुलाया।

शोभा ओझा ने कहा- राहुल गांधी की यात्रा इतिहास में पहली इतनी बड़ी यात्रा है। ये यात्रा राजनीति से बहुत ऊपर उठकर है। इसमें अलग-अलग पार्टी के लोग शामिल हो रहे हैं। आरएसएस के भी कुछ लोग शामिल हुए थे।

भारत विमर्श भोपाल मध्य प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved Powered By Fox Tech Solution | Newsphere by AF themes.