कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री पर रेप का केस
1 min read
धार: एमपी में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 23 नवंबर को प्रवेश कर रही है। इससे पहले ही पार्टी विवादों में घिर गए हैं। कांग्रेस के कद्दावर नेता और विधायक उमंग सिंघार पर महिला ने रेप का आरोप लगाया है। इसके बाद पुलिस ने रेप का केस दर्ज कर लिया है। उमंग सिंघार गुजरात चुनाव में सह प्रभारी भी हैं। साथ ही कमलनाथ की सरकार में वह मंत्री भी रहे हैं। एमपी के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने एफआईआर की पुष्टि की है। उनके खिलाफ महिला ने धार जिले में मामला दर्ज करवाया है। कहा जा रहा है कि विधायक ने महिला से पिछले साल ही शादी की थी। वह उनकी पत्नी भी है। केस करने वाली महिला कांग्रेस पार्टी में पदाधिकारी भी है।एमपी के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और गुजरात चुनाव में सह प्रभारी, मध्य प्रदेश सरकार में पूर्व मंत्री और विधायक उमंग सिंगार के खिलाफ धार के नौगांव थाने मे 38 वर्षीय एक विवाहित महिला ने दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। महिला ने आरोप लगाया है कि पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पीछे विधायक निवास में उमंग सिंघार ने नवंबर 2021 से लेकर 18 नवंबर 2022 तक दुष्कर्म किया। इसके साथ ही मारपीट कर अभद्र व्यवहार भी किया। महिला ने विधायक पर अप्राकृतिक कृत्य किए जाने का भी आरोप लगाया है। नौगांव पुलिस ने इन सभी आरोपों के आधार पर उमंग सिंगार के खिलाफ आइपीसी की धारा 376, 377 और 498 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। साथ ही मामले की जांच शुरू हो गई है। इस घटना पर कांग्रेस नेताओं ने चुप्पी साध ली है। पार्टी के सभी बड़े नेता इन दिनों भारत जोड़ो यात्रा की तैयारी में जुटे हैं। इस बीच नई मुसीबत सामने आ गई है। राहुल गांधी के यात्रा से पहले उन पर रेप केस ने पार्टी को असहज कर दिया है।
भारत विमर्श भोपाल म.प्र.