November 19, 2026
Spread the love

भोपाल- मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस द्वारा राजधानी भोपाल में प्रदेश एवं केन्द्र में व्याप्त बेरोजगारी, मँहगाई, व्यापम घोटाला एवं भृष्टाचार को लेकर मप्र सरकार के खिलाफ हल्ला बोल ‘‘युवा शंखनाद का आयोजन युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. एवं प्रदेशाध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया के नेतृत्व में किया गया। वरिष्ठ कांग्रेसजनों नेताओं की उपस्थिति में कार्यक्रम में प्रदेश भर से हजारों की संख्या में युवा कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकता शामिल थे।
युवा शंखनाद कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि मध्यप्रदेश युवक कांग्रेस के आज के कार्यक्रम में आकर मुझे ना केवल खुशी मिली बल्कि बल और शक्ति भी मिली है, क्योंकि मैंने अपना राजनीतिक जीवन युवक कांग्रेस से ही शुरू किया था। जब मैं पहली बार संसद में पहुँचा था, वरिष्ठजनों का हमें मार्गदर्शन मिलता था, वह भी एक समय था। आज जो यह शंखनाद हो रहा है, यह केवल कांग्रेस की ही बात नहीं है, मध्य प्रदेश के भविष्य की बात है। हमें देश-प्रदेश के भविष्य की रक्षा करना है। उन्होंने कहा यही युवा देश और प्रदेश के भविष्य का नवनिर्माण करेंगे। यदि आज इनका ही भविष्य अंधकार में रहेगा तो मध्यप्रदेश का भविष्य क्या होगा?यही चुनौती हमारे आज सामने है। आज हमारे देश की संस्कृति पर आक्रमण हो रहा है। देश की और कांग्रेस की संस्कृति जोड़ने की संस्कृति रही है, हम दिल जोड़ते है, संबंध जोड़ते हैं, रिश्ता जोड़ते हैं। विश्व में कोई भी ऐसा देश नहीं है, जहाँ इतने धर्म, इतनी जातियाँ, इतनी भाषा, इतने रीति-रिवाज, इतने त्यौहार, इतने देवी देवता हो, उसके बाद भी आज हम सभी एक झंडे के नीचे खड़े है। आज हमारा देश इसी संस्कृति को अपनाकर एक झंडे के नीचे खड़ा है।
श्री नाथ ने कहा कि बाबासाहेब आंबेडकर जी ने हमें ऐसा सविधान दिया, जिसकी पूरे विश्व में प्रशंसा होती है। उन्होंने बहुत अच्छा संविधान देश को दिया। लेकिन यदि अच्छा सविधान गलत हाथों में चले जाए तो इस देश का क्या होगा?
श्री नाथ ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि यह जो लड़ाई है, संघर्ष है, यह देश के, प्रदेश के भविष्य के लिये है व आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के लिये है। आज भाजपा के पास सिर्फ़ तीन चीजे बची है, पुलिस, पैसा और प्रशासन। याद रखियें जो हमारे कांग्रेस के युवा साथी है, वो ना इनकी पुलिस से दबेंगे, ना इनके पैसे से दबेंगे और ना इनके प्रशासन से दबेंगे। उन्हांेने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि आप सभी ने ठान लिया तो मध्यप्रदेश की विधानसभा में 2023 में कांग्रेस के झंडे को लहराने से कोई नहीं रोक सकता है।
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री श्रीनिवास बी.वी. ने प्रदेश की भाजपा सरकार को ललकारते हुए कहा कि युवाओं मंे वो शक्ति है वो ताकत है कि आने वाले 2023 में आपकी कुर्सी को पलट कर रख देंगे। उन्होंने कहा आज युवा वर्ग परेशान हैं, शिक्षित युवा बेराजगार घूम रहा है। मध्यप्रदेश में शिवराज सरकार युवा कांग्रेस के संघर्षों से डरी हुई है, यही कारण है कि सरकार युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर द्वेषपूर्ण तरीके से प्रतिदिन नए झूठे मुकद्मों में फँसाकर उनकी आवाज को बन्द करना चाहती है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने पर ऐसे राजनीतिक विद्वेष के कारण दर्ज मुकद्मों को वापिस लिया जाएगा।
युवा शंखनाद कार्यक्रम सभा के बाद युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने प्रदेश में व्याप्त बेरोेजगारी, व्यापम घोटाला, मँहगाई एवं भृष्टाचार के विरूद्व अपनी आवाज बुलन्द करने के लिए सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए व्यापम चौराहे से मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने के लिए कूच किया। सरकार के इशारे पर तैनात भारी पुलिस बल ने हजारों की संख्या में युवा कांग्रेस के प्रदर्शनकारियों को छत्रपति शिवाजी चौराहे रोक लिया गया, पुलिस ने बर्बरता पूर्वक बल प्रयोग करते हुए लाठी चार्ज के साथ ही वाटर केनन का प्रयोग किया। इस दौरान सैकड़ों पदाधिकारियों को चोटें आयीं। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री श्रीनिवास बी.वी.जी, प्रदेशाध्यक्ष डॉ.विक्रांत भूरिया,प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ रश्मि सिंह, राष्ट्रीय सचिव श्री शेषनारायण ओझा, विधायकद्वय पी.सी.शर्मा, कुणाल चौधरी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया।
मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के ऊर्जावान अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया ने अपने संबोधन से युवाओं में पूरा जोश भर दिया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच प्रदेश के कोने-कोने से युवा शंखनाद में उपस्थित युवा शक्ति इस बात का संकेत है कि वर्ष 2023 में मध्यप्रदेश में सत्ता परिवर्तन होकर रहेगा। कमलनाथ जी को पुनः मुख्यमंत्री बनाने तक युवा कांग्रेस निरंतर प्रदेश की निरंकुश भाजपा सरकार से लोहा लेती रहेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में विभिन्न मोर्चों पर सरकार से छोटी-छोटी लड़ाईयाँ लड़ रहे संगठनों को अपने साथ जोड़ते हुए युवा कांग्रेस उनके हक और अधिकारों की लड़ाई लडती रहेगी।
सभा को मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्दसिंह, पूर्व केन्द्रीय मंत्रीद्वय सुरेश पचौरी जी, अरूण यादव जी, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिवद्वय (प्रभारी म.प्र.) शेष नारायण ओझा जी, सुश्री इशिता सेढ़ा जी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजयसिंह राहुल भैया, विधायक एवं पूर्वमंत्री सज्जनसिंह वर्मा ने भी संबोधित किया।

भारत विमर्श भोपाल म०प्र०

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved Powered By Fox Tech Solution | Newsphere by AF themes.