December 13, 2025

संयुक्त मोर्चा ने दिया धरना,समर्थन देने पहुंचे विधायक नारायण त्रिपाठी

1 min read

सतना-पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर आंदोलित कर्मचारियों ने रविवार को सतना में जबरदस्त प्रदर्शन किया। डीपीसी कार्यालय के सामने धरने पर बैठे कर्मचारियों ने नई पेंशन स्कीम की खिलाफत करते हुए कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली और एक सूत्रीय मांग पत्र सौंप कर सरकार से कर्मचारी हित में काम करने की मांग की। धरना और रैली में शामिल होने जिले भर से हजारों कर्मचारी जिला मुख्यालय में एकत्र हुए थे।

कर्मचारियों को नारायण का साथ

कर्मचारियों के इस आंदोलन को मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी का भी समर्थन मिला। विधायक ने उनके बीच पहुंचकर उनकी मांग को जायज बताया और मदद का भरोसा भी दिलाया। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन बहाल होनी चाहिए और कर्मचारियों को उनका हक मिलना चाहिए। विधायक नारायण ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि जब भी जहां भी उनकी जरूरत पड़ेगी वे कर्मचारियों के हित मे सदैव खड़े मिलेंगे।

संयुक्त मोर्चा के जिला संयोजक अतुल सिंह परिहार ने बताया कि जिले के समस्त विकास खंडों से एनपीएस धारी कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाल किए जाने की मांग को लेकर जिला मुख्यालय में धरना दिया। बाद में प्रदर्शनकारियों का हुजूम रैली की शक्ल में सिविल लाइन चौपाटी से कलेक्ट्रेट पहुंचा।

सिर और टोपी और हाथों में तख्तियां लिए हुए कर्मचारियों की रैली सड़क पर निकली तो दूर-दूर तक सिर्फ वे ही नजर आए। कलेक्ट्रेट में प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित प्रथम नियुक्ति दिनांक की वरिष्ठता के साथ पुरानी पेंशन बहाल किए जाने का एक सूत्रीय ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।

सेवानिवृत्त कर्मचारियों का जीवन-यापन कठिन

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि न्यू पेंशन स्कीम में अत्यंत कम पेंशन प्राप्त होने से सेवानिवृत्त हो रहे कर्मचारियों का जीवन यापन कठिन हो रहा है। इस परिस्थिति में सरकार सेवानिवृत्त कर्मचारी कर्मचारियों का शोषण करना बंद कर पुरानी पेंशन बहाल करें। राजस्थान छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों ने पुरानी पेंशन बहाल कर कर्मचारी हितैषी होने का संदेश दिया है, लेकिन मप्र सरकार इस पर खामोश है।

पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन में सभी विभागों के कर्मचारियों अधिकारियों और सभी मान्यता प्राप्त एवं गैर मान्यता प्राप्त कर्मचारी संगठनों के लोग शामिल रहे।

आहेस लारिया ब्यूरोचीफ भारत विमर्श सतना म०प्र०

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *