July 25, 2025

मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी की लगातार दूसरी जीत, लक्ष्मी अम्मल हॉकी अकादमी को दी शिकस्त

1 min read
Spread the love

भोपाल, दिनांक 21 अक्टूबर, 2021
प्रथम जूनियर बालक इंटर अकादमी नेशनल हॉकी चैंपियनिशप-2021 के चौथे दिन मप्र हॉकी अकादमी ने अपने विजयी अभियान को जारी रखते हुए लगातार दूसरी जीत दर्ज की। मप्र हॉकी अकादमी ने अपने दूसरे मुकाबले में लक्ष्मी अम्मल स्पोर्ट्स अकादमी को एकतरफा 9-0 से पराजित किया। दिन के अन्य मुकाबलों में हुबली हॉकी अकादमी, सैल्यूट हॉकी अकादमी, महाराजा रणजीत सिंह हॉकी अकादमी, एसजीपीसी हॉकी अकादमी, वैदीपट्टी राजा हॉकी अकादमी ने अपने-अपने मुकाबले जीत लिए। हॉकी इंडिया तथा खेल और युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में चैंपियनशिप का आयोजन मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम की नवनिर्मित टर्फ पर किया जा रहा है।
मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी ने अपने दूसरे मुकाबले में चारों ही क्वार्टर में अपना दबदबा बनाए रखा। चैंपियनशिप के इस मुकाबले में भी मप्र हॉकी अकादमी ने विरोधी टीम को अपने खिलाफ गोल करने का कोई मौका ही नहीं दिया। मुकाबले में मप्र हॉकी अकादमी ने पहले क्वार्टर में एक गोल किया। यह गोल अब्दुल आहद ने किया। दूसरे क्वार्टर में मप्र हॉकी अकादमी ने 4 गोल दागे। मप्र हॉकी अकामदी के अनिल ने लगातार दो गोल करते हुए टीम को 3-0 से आगे कर दिया। इसके बाद कशिफ खान और रजत ने 1-1 गोल करते हुए टीम को 5-0 की बढ़त दिला दी। तीसरे क्वार्टर में मप्र हॉकी अकादमी ने दो गोल दागे। टीम के लिए टीआई लुवांग और हिमांशु सनिक ने गोल किए। मैच के अंतिम क्वार्टर में अब्दुल और रजत ने गोल करके टीम को 9-0 की जीत दिला दी। मप्र अकादमी ने अपने पहले मुकाबले में वैदीपट्टी राजा हॉकी अकादमी को 10-0 से पराजित किया था।
दिन के पहले मुकाबले में हुबली हॉकी अकादमी ने मालवा हॉकी अकादमी हनुमानगढ़ को 5-1 से हराया। दोनों टीमें पहले क्वार्टर में कोई गोल नहीं कर पाई। दूसरे क्वार्टर में हुबली ने 2, तीसरे में 1 और चौथे में 2 गोल किए। वहीं, मालवा अकादमी की ओर से तीसरे क्वार्टर में एकमात्र गोल किया गया। हुबली के लिए सर्वाधिक 3 गोल दर्शन गायकवाड़ ने किए।
दिन के दूसरे मुकाबले में सैल्यूट हॉकी अकादमी ने रिपब्लिकन स्पोर्ट्स क्लब को एकतरफा 10-0 से पराजित किया। टीम ने पहले क्वार्टर में 1, दूसरे, तीसरे और चौथे क्वार्टर में 3-3 गोल दागे। मनीष, गुनूर ग्रेवाल और अंकुश ने 2-2 गोल किए।
दिन के तीसरे मुकाबले में महाराजा रणजीत सिंह हॉकी अकादमी ने जय भारत हॉकी अकादमी को 3-0 से हराया। पहले दो क्वार्टर में दोनों ही टीमों ने गोल के प्रयास किए। लेकिन, गोल नहीं कर पाए। तीसरे क्वार्टर में महाराजा अकादमी की ओर से एक और चौथे क्वार्टर में दो गोल किए।
दिन के चौथे मुकाबले में एसजीपीसी हॉकी अकादमी ने तिरूमलवलन हॉकी अकादमी को एकतरफा 12-0 से शिकस्त दी। एसजीपीसी ने पहले क्वार्टर में 1, दूसरे में 4, तीसरे में 1 और चौथे क्वार्टर में 6 गोल किए। टीम के लिए सर्वाधिक 5 गोल सरबजिंदर सिंह ने किए।
दिन के पांचवें मुकाबले में वैदीपट्टी राजा हॉकी अकादमी ने तमिलनाडु हॉकी अकादमी को रोमांचक मुकाबले में 3-1 से पराजित किया। पहले क्वार्टर में वैदीपट्टी की ओर से एक गोल किया गया। दूसरे क्वार्टर में दोनों ही टीमें 1-1 गोल कर पाई। तीसरे क्वार्टर में कोई गोल नहीं हुआ, जबकि चौथे क्वार्टर में वैदीपट्टी ने एक और गोल किया।

चैंपियनशिप में 22 अक्टूबर के मुकाबले

  1. नवल टाटा हॉकी अकादमी विरूद्ध ओलम्पियन विवेक सिंह हॉकी अकादमी, प्रातः 6ः45 से
  2. नामधारी स्पोर्ट्स अकादमी विरूद्ध आर.व्ही. अकादमी ऑफ हॉकी, प्रातः 8ः30 से
  3. मुम्बई स्कूल्स स्पोर्ट्स एसोसिएशन विरूद्ध राजा करण हॉकी अकादमी, प्रातः 10ः15 से
  4. माता साहिब कौर हॉकी अकादमी विरूद्ध राउण्डग्लास पंजाब हॉकी क्लब अकादमी, दोपहर 12ः00 से
  5. मार्कंडेश्वर हॉकी अकादमी विरूद्ध साई अकादमी कोलकाता, दोपहर 1ः45 से
  6. हिम अकादमी विरूद्ध सिटीजन हॉकी ईलेवन, दोपहर 3ः30 से

भारत विमर्श भोपाल म०प्र०

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed