May 19, 2024

मोकामा के बाहुबली ने मुंगेर में दी जदयू को चुनौती

1 min read
Spread the love


पटना : बिहार में लोकसभा की तैयारियों में दल और नेता दोनों चर्चाओं में हैं। राजग की ओर से बिहार लोकसभा की 40 सीटों के बंटवारे के बाद उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया में हो रही है। वहीं महागठबंधन खरमास यानि मकर संक्रांति के बाद अपने सीटों का ऐलान करेगी। इसलिए बिहार के कई नेता अब महागठबंधन की ओर देख रहे हैं। मोकामा के निर्दलीय विधायक और बाहुबली अनंत सिंह भी आजकल इसी वजह से सुर्खियों में छाए हैं। अनंत सिंह ने इस बार अपने संसदीय क्षेत्र मुंगेर से लोकसभा क्षेत्र में अपनी किस्मत आजमाने की सोची है। बुधवार को अनंत सिंह के समर्थकों ने पटना एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया। अनंत सिंह ने मुंगेर संसदीय क्षेत्र से टिकट पाने के संबंध में दिल्ली का रूख किया था, अनंत सिंह की बात महागठबंधन में कांग्रेस से चल रही है। दिल्ली से लौटने के बाद अनत सिंह टिकट के मामले में आश्वस्त दिख रहे हैं।

मुंगेर संसदीय क्षेत्र से इस वक्त सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी सांसद हैं। सूत्रों के अनुसार राजग के सीट बंटवारे में मुंगेर संसदीय क्षेत्र जदयू के खाते में जाने की पूरी संभावना है। ऐसे में एलजेपी सांसद वीणा देवी को मुंगेर सीट छोड़ना पड़ सकता है। सूत्रों के अनुसार लोजपा के खाते में बेगुसराय या नवादा सीट आ सकती है, जहां वीणा देवी को शिफ्ट किया जा सकता है। दूसरी ओर मुंगेर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी बिहार के जल संसाधन मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह के चुनाव में उतरने की खबर है। ललन सिंह 2009-2014 तक भाजपा-जदयू गठबंधन से जदयू के सांसद रहे हैं। ऐसे में अनंत सिंह की जदयू से सीधी भिड़ंत तय है।

अनंत सिंह ने मीडिया से बात में कहा कि, ‘हमारी बात महागठबंधन से चल रही है, हमने मुंगेर से चुनाव लड़ने का मन लिया है। मुंगेर हमारा संसदीय क्षेत्र है, पार्टी टिकट नहीं भी देगी तो भी हम निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे। आपको बता दें, अनंत सिंह पूर्व में जदयू के सदस्य रहे हैं और ललन सिंह से उनका बैर जगजाहिर रहा है। दोनों नेता भूमिहार जाति से आते हैं। ऐसे मे अनंत सिंह की चुनौती जदयू पर भारी न पड़ जाये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved Powered By Fox Tech Solution | Newsphere by AF themes.