September 15, 2026

पुरानी रंजिश में मारपीट, छह आरोपी गिरफ्तार

1 min read
पुरानी रंजिश में मारपीट, छह आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

पिस्टल-कट्टा और आठ जिंदा कारतूस समेत बोलेरो व डंडे बरामद

चित्रकूट – पुरानी रंजिश को लेकर स्फटिक शिला मोड़ पर मारपीट करने के मामले में चित्रकूट थाना पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 32 बोर की एक पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, 315 बोर का एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक बोलेरो वाहन, हॉकी डंडा और बेसबॉल का डंडा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 13 सितंबर की शाम स्फटिक शिला मोड़ पर गणेश प्रतिमा की तैयारी के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि आरोपियों ने अंकित और मनीष के साथ लात-घूंसों व डंडों से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे बृजनरेश परिहार और दयाराम सेन के साथ भी मारपीट की गई। घटना में कई लोगों को चोटें आईं। शिकायत पर चित्रकूट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें घटना में प्रयुक्त वाहन और आरोपियों की पहचान हुई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने 14 सितंबर को बगदरा घाटी के जंगल के पास घेराबंदी कर बोलेरो वाहन को रोककर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। तलाशी में अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए।
कार्रवाई सतना पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रेमलाल कुर्वे के निर्देशन, एसडीओपी चित्रकूट राजेश सिंह बंजारे के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी नीलेश तिवारी के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ है।
गिरफ्तार आरोपी: वरुण तिवारी, सुमित उर्फ मथुरिया पाण्डेय, योगेन्द्र पाठक, देवांश पाण्डेय उर्फ लल्ला, कार्तिक यादव और शिवम पाल।

जावेद मोहम्मद विशेष संवाददाता भारत विमर्श चित्रकूट मध्य प्रदेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *