सतना कलेक्टर के जाते ही चित्रकूट की व्यवस्थाएं हुई ठप
1 min read
बाढ़ पीड़ितों की पीड़ा सुनने वाला कोई नहीं, पानी के अभाव में घरों की सफाई ठप
चित्रकूट – मंदाकिनी नदी में आई भीषण बाढ़ के बाद चित्रकूट क्षेत्र में जनजीवन अभी भी पूरी तरह सामान्य नहीं हो सका है। बाढ़ के कारण लोगों के घरों में रखा सामान खराब हो गया, वहीं घरों और सड़कों पर भारी मात्रा में मिट्टी व मलबा जमा हो गया था।
प्रशासन द्वारा सड़कों पर जमा मलबे की सफाई तो कराई गई, लेकिन अब बाढ़ पीड़ित अपने-अपने घरों में जमा मिट्टी और मलबे को स्वयं साफ करने के लिए मजबूर हैं। नयागांव वार्ड क्रमांक 6 में पानी की आपूर्ति बंद होने के कारण कई घरों में अब भी मिट्टी और गंदगी भरी हुई है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सतना कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने सड़कों की सफाई के बाद नगर परिषद के सफाई कर्मियों द्वारा घरों से मलबा निकलवाने और प्रेशर पानी से धुलाई कराने की बात कही थी। लेकिन अब तक पीड़ित परिवारों को इस संबंध में कोई सहायता नहीं मिल सकी है।
बाढ़ के कई दिन बीत जाने के बावजूद नयागांव क्षेत्र में पानी की नियमित आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। बीते दिनों मझगवां एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर ने जल्द पानी की आपूर्ति शुरू होने की बात कही थी, लेकिन स्थानीय निवासियों के अनुसार तीन से चार दिन गुजर जाने के बाद भी पानी नहीं पहुंच सका।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नगर परिषद की ओर से पानी का टैंकर उपलब्ध कराने के लिए 1500 रुपये जमा करने की बात कही जा रही है।


पानी के अभाव में लोग अपने घरों में जमा मिट्टी और गंदगी साफ नहीं कर पा रहे हैं। बाढ़ पीड़ितों का कहना है कि जिला अधिकारियों के दौरे के दौरान व्यवस्थाएं सक्रिय नजर आईं, लेकिन अधिकारियों के जाने के बाद राहत और सफाई व्यवस्था फिर ठप होती दिखाई दे रही है। बाढ़ में पहले ही आर्थिक नुकसान झेल रहे लोग घरों की सफाई के लिए प्राइवेट पानी के टैंकर की व्यवस्था करने को मजबूर है।


बाढ़ पीड़ितों ने सतना कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस एवं मझगवां एसडीएम से तत्काल संज्ञान लेकर नयागांव सहित प्रभावित क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति शुरू कराने, घरों की सफाई में सहायता उपलब्ध कराने तथा प्रेशर पानी से धुलाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
जावेद मोहम्मद विशेष संवाददाता भारत विमर्श चित्रकूट मध्य प्रदेश।
